साइबर अटैक से फ्रीजर बन गए भट्ठी, स्वीडन-बेल्जियम में करोड़ों का सामान सड़ा, पेंटागन भी अलर्ट पर


होमदुनियायूरोप

साइबर अटैक से फ्रीजर बन गए भट्ठी, स्वीडन-बेल्जियम में करोड़ों का सामान सड़ा

Last Updated:

स्वीडन और बेल्जियम के कई सुपरमार्केट में साइबर हमले के बाद फ्रीजर ठंडे होने के बजाय गर्म हवा फेंकने लगे. कुछ जगह तापमान 55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लाखों यूरो का खाद्य सामान बर्बाद हो गया. इससे पहले फ्रांस में भी ऐसी घटनाएं सामने आई थीं. अमेरिका की कम से कम छह मिलिट्री कैंटीन में फ्रीजर खराब होने के मामलों में भी साइबर अटैक की जांच की जा रही है.

Top Deals Inside

साइबर अटैक से फ्रीजर बन गए भट्ठी, स्वीडन-बेल्जियम में करोड़ों का सामान सड़ाZoom

फ्रीजर को हैकरों ने गर्म कर दिया. (Reuters)

सोचिए, आप सुपरमार्केट में फ्रोजन मटर, आइसक्रीम या चिकन खरीदने पहुंचें और वहां फ्रीजर ठंडे होने के बजाय गर्म हवा फेंक रहे हों. स्वीडन और बेल्जियम में कुछ ऐसा ही हुआ है. यहां सुपरमार्केट के फ्रीजर का तापमान अचानक 55 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. नतीजा यह हुआ कि करोड़ों यूरो का खाने-पीने का सामान खराब हो गया. यह कोई सामान्य मशीन खराब होने का मामला नहीं, बल्कि साइबर हमला था. यह नए तरह का हमला है, जो एक झटके में लोगों को भूखे मारने की स्थिति में ला सकती है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ हफ्ते पहले फ्रांस के सैकड़ों सुपरमार्केट में भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं. वहां कुछ फ्रीजर का तापमान 80 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. अब अमेरिका में सेना के ठिकानों पर मौजूद दुकानों के फ्रीजर भी संदिग्ध साइबर हमले की जांच के दायरे में हैं. इसे लेकर पेंटागन भी चिंतित है.

फ्रीजर में ठंड की जगह चलने लगी गर्म हवा

स्वीडन में Ica और Coop सुपरमार्केट चेन के कुछ स्टोर इस साइबर अटैक से सीधे प्रभावित हुए हैं. बेल्जियम में Ahold Delhaize के स्टोर के रेफ्रिजरेशन सिस्टम में भी गड़बड़ी सामने आई. दक्षिणी स्वीडन के Sjobo में Ica स्टोर के प्रमुख रिकार्ड निल्सन ने बताया कि कर्मचारियों का फ्रीजर के तापमान पर कंट्रोल ही खत्म हो गया था. वे न तो तापमान कम कर पा रहे थे और न ही सिस्टम की सेटिंग बदल पा रहे थे. फ्रीजर में ठंडी हवा की जगह गर्म हवा आने लगी.

निल्सन ने अफ्टोंब्लाडेट को बताया कि तापमान 50 डिग्री से ऊपर पहुंच गया और इससे लाखों स्वीडिश क्रोना का खाने-पीने का सामान खराब हो गया. उनके मुताबिक, स्टोर में रखा सामान बचाना संभव नहीं रहा. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बेल्जियम में Delhaize के करीब 40 स्टोर प्रभावित हुए. इसके अलावा Carrefour के 15 और Spar के पांच स्टोर में भी परेशानी आई. स्वीडन में Coop के छह और Ica के कम से कम चार स्टोर प्रभावित बताए गए हैं.

फ्रांस में हुआ था ऐसा ही साइबर अटैक

स्वीडन और बेल्जियम की घटनाएं फ्रांस में पिछले महीने हुए हमलों की याद दिलाती हैं. वहां 350 से ज्यादा दुकानों के कमर्शियल फ्रीजर और कूलिंग सिस्टम के तापमान को कथित तौर पर हैकर्स ने बदल दिया था. फ्रीजर को सिर्फ बंद नहीं किया गया, बल्कि उनका तापमान बढ़ा दिया गया. इससे दुकानों में रखा फ्रोजन फूड खराब हो गया और कई सुपरमार्केट को अपने फूड सेक्शन खाली करने पड़े. कुछ जगहों पर तापमान इतना बढ़ा कि फ्रीजर में आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं. फ्रांस की राजधानी पेरिस के सरकारी अभियोजक कार्यालय की साइबर अपराध इकाई और देश की राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी Anssi इन घटनाओं की जांच कर रही हैं.

क्या फ्रीजर का सॉफ्टवेयर बना साइबर हमले का रास्ता?

इन घटनाओं के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर हैकर्स सुपरमार्केट के फ्रीजर तक कैसे पहुंच रहे हैं? जांच और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का ध्यान उन सॉफ्टवेयर और कंट्रोल सिस्टम पर गया है, जिनसे बड़े स्टोर के रेफ्रिजरेशन सिस्टम का तापमान नियंत्रित किया जाता है. प्रभावित कई फ्रीजर में डेनमार्क की औद्योगिक कंपनी Danfoss के बनाए सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल हो रहा था. साइबर सुरक्षा कंपनी Claroty के शोधकर्ताओं ने अगस्त में जारी एक रिपोर्ट में Danfoss के सिस्टम में कई कमजोरियां मिलने की बात कही थी. कंपनी ने बाद में उन कमजोरियों को ठीक किया. Danfoss ने पिछले महीने कहा था कि हमलों से प्रभावित कुछ रेफ्रिजरेशन सिस्टम ऐसे थे जिन्हें अब सुरक्षा अपडेट नहीं मिल रहे थे और उनमें पुराना फर्मवेयर चल रहा था. पुराने सॉफ्टवेयर की वजह से हैकर्स के लिए सिस्टम में सेंध लगाना आसान हो सकता है.

अमेरिकी सेना के ठिकानों पर भी फ्रीजर हुए थे खराब

यह खतरा सिर्फ यूरोप के सुपरमार्केट तक सीमित नहीं है. Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी रक्षा विभाग अगस्त में सैन्य ठिकानों पर हुए फ्रीजर खराब होने के मामलों को संदिग्ध साइबर हमले के तौर पर देख रहा है. अमेरिका के कम से कम छह मिलिट्री स्टोर यानी कमिसरी में ऐसी गड़बड़ी सामने आई थी. इन दुकानों पर सैन्यकर्मी और उनके परिवार खाने-पीने का सामान खरीदते हैं. Arizona के Fort Huachuca में 26 अगस्त को एक फेसबुक पोस्ट में बताया गया था कि फ्रीजर डिफ्रॉस्ट मोड में चला गया और उसने अंदर रखे खाने को गर्म कर दिया. सुबह तक वहां रखा सामान खराब हो चुका था.



Source link