Last Updated:
Munger News : मुंगेर में घर में अचानक नई बाइक आने से परिवार को शक हुआ. इसके बाद पूछताछ में करीब 45 ग्राम सोने के गहनों से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया. परिजनों का आरोप है कि दो युवकों ने घर से गहने गायब कर दिए थे. गहनों की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है. मामला सामने आने के बाद पुलिस मयूर चौक के एक ज्वेलर्स दुकानदार को पूछताछ के लिए थाने ले आई है.
परिजनों का आरोप है कि दो युवकों ने घर से गहने गायब कर दिए थे.
मुंगेर. घर में नई बाइक आई तो परिवार के लोग खुश होने के बजाय शक करने लगे. सवाल था कि आखिर बाइक खरीदने के लिए पैसे कहां से आए? जब घर के युवकों से पूछताछ हुई तो जो खुलासा हुआ, उसने परिजनों को हैरान कर दिया. आरोप है कि दो युवकों ने अपने ही घर से करीब 45 ग्राम सोने के गहने चुराए और उन्हें बेचकर नई बाइक खरीद ली. इस मामले में पुलिस ने गहने खरीदने वाले ज्वेलर्स दुकानदार को भी हिरासत में लिया है.
मामला मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हेरुदियारा का है. नवीन कुमार के घर में अचानक नई बाइक पहुंची. परिवार के लोगों को समझ नहीं आया कि युवकों के पास इतने पैसे कहां से आए. शक होने पर नवीन कुमार के भतीजे प्रियांशु कुमार और पड़ोस के भतीजे सोनू कुमार से पूछताछ की गई. शुरुआत में मामला सामान्य लगा, लेकिन सख्ती से पूछने पर दोनों ने घर से सोने के गहने चोरी करने की बात स्वीकार कर ली. युवकों ने बताया कि घर से करीब 45 ग्राम सोने के गहने निकालकर मयूर चौक स्थित अमरदीप पोद्दार की ज्वेलर्स दुकान में बेच दिए थे. इसके बदले उन्हें 1 लाख 82 हजार रुपये मिले. इसी रकम से दोनों ने बाइक खरीद ली. परिजनों का दावा है कि चोरी किए गए गहनों की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये थी.
पांच लाख के गहने 1.82 लाख में बेचने का आरोप
परिजनों को जब गहने बेचने वाले दुकानदार के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी. इसके बाद कोतवाली पुलिस अमरदीप पोद्दार को पूछताछ के लिए थाने ले आई. पुलिस के अनुसार, दुकानदार ने दोनों युवकों से गहने खरीदने और 1 लाख 82 हजार रुपये भुगतान करने की बात स्वीकार की है. दुकानदार का कहना है कि गहने खरीदते समय उसने युवकों का आधार कार्ड लिया था और उनकी वीडियोग्राफी भी कराई थी. हालांकि, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गहने खरीदने के दौरान उसे उनके चोरी के होने की जानकारी थी या नहीं.
चोरी के जेवर खरीदने के मामले में पहले भी जेल जा चुका है दुकानदार
मामले में दुकानदार का पुराना रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में है. पुलिस की पड़ताल में उसके पहले भी चोरी के जेवर खरीदने के मामलों में दो बार जेल जाने की जानकारी सामने आई है. स्थानीय सराफा कारोबारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से पूरे स्वर्ण व्यवसाय की छवि खराब होती है.
आवेदन का इंतजार कर रही पुलिस
कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है. पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस चोरी के गहनों की खरीद-बिक्री में दुकानदार की भूमिका की भी जांच कर रही है. फिलहाल इस पूरे मामले में एक नई बाइक ने घर के गहनों की चोरी का राज खोल दिया है. जिन पैसों से युवकों ने अपना शौक पूरा किया, वही बाइक परिवार के शक की वजह बनी और मामला पुलिस तक पहुंच गया.