ट्विशा शर्मा केस में नया खुलासा, बहू की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने जज-IAS-IPS को किया था फोन

ट्विशा शर्मा केस में नया खुलासा, बहू की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने जज-IAS-IPS को किया था फोन


Last Updated:

Twisha Sharma Death Case: एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की अपने घर पर संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी. ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह पर ट्विशा की हत्या का आरोप है. सीबीआई इस केस की जांच कर रही है. जांच के दौरान पता चला है कि गिरिबाला सिंह ने ट्विशा की मौत के बाद जज, DGP लेवल के आईपीएस और ACS स्तर के अफसरों को फोन लगाया था.

Zoom

ट्विशा शर्मा की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी.

रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया खुलासा हुआ है. ट्विशा की मौत के बाद सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने जज, DGP लेवल के IPS और ACS स्तर के अधिकारियों को फोन लगाया था. 12-13 मई की कॉल डिटेल से इसका खुलासा हुआ है. हाईकोर्ट में 56 पेज के दस्तावेज पेश किए गए हैं. इसके मुताबिक, गिरिबाला सिंह के फोन से हाईकोर्ट के पूर्व जज से चार बार, ADJ से 12 बार और DGP लेवल IPS से 6 बार बात की गई थी. ACS स्तर के अफसर से चार बार फोन पर संपर्क किया गया था. पीड़ित पक्ष ने जबलपुर हाईकोर्ट में गिरिबाला और ट्विशा के पति समर्थ सिंह की जमानत का विरोध किया है. जांच एजेंसी CBI ने कोर्ट से कहा कि गिरिबाला सिंह प्रभावशाली हैं. उनको जमानत मिलने से केस का ट्रायल प्रभावित हो सकता है. सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने जमानत पर फैसला सुरक्षित रखा.

आरोपियों की जमानत पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट में तर्क दिया कि ट्विशा शर्मा की मौत में गिरिबाला सिंह की कोई भूमिका नहीं है. उनके खिलाफ अब तक कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि उनका ट्विशा की मौत में कोई हाथ है. वहीं वकील ने यहां तक कहा कि अगर गिरिबाला सिंह को भागना होता, तो वह पहले ही भाग जातीं.

केस में गिरिबाला सिंह का हाथ नहीं
वकील ने ट्विशा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों को भी निराधार बताया. घटनास्थल पर मौजूद सीसीटीवी के बारे में कोर्ट को बताया गया कि उसका पासवर्ड एक्सेस सभी के पास था. बचाव पक्ष का मुख्य तर्क था कि इस केस में गिरिबाला सिंह का हाथ नहीं है बल्कि जो भी बात है, वह समर्थ सिंह से जुड़ी है. इसी आधार पर कोर्ट से गिरिबाला सिंह की जमानत मंजूर करने की फरियाद की गई.

जमानत याचिका का कड़ा विरोध
वहीं पीड़ित पक्ष के वकील ने जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया. उन्होंने अदालत से कहा कि यह सिर्फ एक व्यक्ति का मामला नहीं है. दोनों आरोपियों गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की आपस में सांठगांठ थी. मीडिया के पूछने पर कि क्या समर्थ सिंह ड्रग एडिक्ट है, ट्विशा के वकील ने कहा कि चार्जशीट और व्हाट्सएप चैट में ये बात दर्ज है. उन्होंने कहा कि कोर्ट में दर्ज बयानों और सीसीटीवी फुटेज पर भी विस्तार से चर्चा हुई है.

संदिग्ध हालत में ट्विशा शर्मा की मौत
भोपाल के कटारा हिल्स में एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की इसी साल मई में अपने घर पर संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी. ससुराल पक्ष ने इसे खुदकुशी बताया जबकि मायके पक्ष ने इसे हत्या करार दिया. मामले में ट्विशा का दो बार पोस्टमार्टम कराया गया था. शुरुआत में केस की जांच भोपाल पुलिस कर रही थी. बाद में इसे सीबीआई को सौंप दिया गया. सीबीआई ने जांच के दौरान ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया था.



Source link