पटना. आने वाले दिनों में त्योहारों को देखते हुए केंद्र ने राज्यों को कर हस्तांतरण की अग्रिम किस्त के रूप में कुल 1,09,019 करोड़ रुपये जारी किए हैं. इसमें बिहार को उत्तर प्रदेश के बाद दूसरी सबसे बड़ी राशि मिली है. इस आवंटन के तहत केंद्र सरकार ने बिहार को 10,845 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है. केंद्र से इतनी बड़ी रकम मिलने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि इस राशि से राज्य की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के साथ विकास योजनाओं पर खर्च बढ़ाने में मदद मिलेगी.
त्योहारों से पहले केंद्र ने जारी की अतिरिक्त राशि
केंद्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक, राज्यों को मिलने वाली यह राशि नियमित मासिक कर हस्तांतरण के अतिरिक्त है. जानकारी के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 में केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई यह दूसरी अतिरिक्त किस्त है. इसका उद्देश्य राज्यों को पूंजीगत खर्च में तेजी लाने और विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराना है.
किन राज्यों के हिस्से कितनी रकम
राज्यवार आवंटन की बात करें तो उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 19,208 करोड़ रुपये मिले हैं. इसके बाद बिहार को 10,845 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. मध्य प्रदेश को 8,010 करोड़, पश्चिम बंगाल को 7,866 करोड़, महाराष्ट्र को 7,022 करोड़ और राजस्थान को 6,460 करोड़ रुपये मिले हैं. बिहार को मिलने वाली यह राशि त्योहारों से पहले वित्तीय मजबूती के लिए अहम मानी जा रही है.
यूपी के बाद बिहार को मिला सबसे ज्यादा पैसा, 10,845 करोड़ मिलने पर CM सम्राट ने कहा- थैंक्यू मोदी जी
बिहार में विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया. उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराई गई यह राशि राज्य की आवश्यक वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी. इससे आधारभूत सुविधाओं के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन और प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी. मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों को बिहार के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस सहयोग से विकास की गति तेज करने और जनकल्याण के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी.
सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पोस्ट में लिखा – “माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का बिहार को कर हस्तांतरण की अग्रिम किस्त के रूप में 10,845 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने हेतु हार्दिक आभार! आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए आवंटित की गई यह राशि राज्य की आवश्यक वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ विकास योजनाओं पर व्यय बढ़ाने में सहायक होगी. इससे आधारभूत सुविधाओं के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन और प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी. केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से बिहार में विकास की गति को और तेज करने तथा जनकल्याण के संकल्प को साकार करने में यह सहयोग महत्वपूर्ण सिद्ध होगा.
बिहार को झारखंड से करीब तीन गुना अधिक राशि
केंद्र की ओर से जारी राज्यवार आंकड़ों के अनुसार, बिहार को पड़ोसी राज्य झारखंड के मुकाबले करीब तीन गुना राशि मिली है. झारखंड को 3,660 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. वहीं, ओडिशा को 4,819 करोड़, पश्चिम बंगाल को 7,866 करोड़ और उत्तर प्रदेश को 19,208 करोड़ रुपये मिले हैं. इस अतिरिक्त राशि से बिहार सरकार को आगामी महीनों में विकास और कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च करने के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे.
केंद्र की रकम से गदगद सम्राट सरकार
त्योहारों से ठीक पहले केंद्र से मिली इतनी बड़ी अग्रिम किस्त से सम्राट सरकार गदगद है. सरकार का कहना है कि इस राशि से आधारभूत संरचना, जनकल्याण योजनाएं और चल रही विकास परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी. पीएम मोदी और वित्त मंत्री को धन्यवाद कहकर सम्राट चौधरी ने केंद्र-राज्य के समन्वय को भी मजबूत करने का संदेश दिया है.