उज्जैन के होटल में मौत का चैंबर, सफाई करने उतरे 4 लोगों की गई जान, बचाने पहुंचे लोग भी बीमार

उज्जैन के होटल में मौत का चैंबर, सफाई करने उतरे 4 लोगों की गई जान, बचाने पहुंचे लोग भी बीमार


Last Updated:

Ujjain News: उज्जैन से बड़ी खबर सामने आई. जहां एक होटल के चैंबर में सफाई करने उतरे चार लोगों की मौत हो गई. वह अंदर फंस गए थे, जिसके बाद उन्हें बचाने के लिए तकरीबन डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. इसी दौरान जो लोग उन्हें बचाने के लिए उतरे थे. उनकी भी तबीयत बिगड़ गई.

Zoom

उज्जैन में चार सफाईकर्मियों की मौत.

उज्जैनः मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक होटल के चैंबर की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में सफाई करने के लिए चैंबर में उतरे चार लोग अंदर ही फंस गए. सूचना मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. वहीं, उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई.

सफाई के लिए चैंबर में उतरे थे चार लोग
बता दें कि, रात के समय श्री गंगा होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई होनी थी. इसके लिए चार लोग अंदर उतरे थे. इसी दौरान वे चैंबर में फंस गए. घटना की जानकारी मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया. चैंबर का गेट खोलने में परेशानी आ रही थी. इसके बाद थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई. इसकी मदद से गेट काटकर रास्ता बनाया गया. करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद चारों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

तीन मृतकों की पहचान हुई
हादसे में जान गंवाने वालों में कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा के नाम सामने आए हैं. चौथे मृतक की पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि हेमराज नाम का एक अन्य सफाईकर्मी भी फंसे लोगों को बचाने के लिए चैंबर में गया था. उसे घबराहट और बेहोशी महसूस होने लगी, जिसके बाद वह बाहर निकल आया. इसके अलावा बचाव के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. बचाव अभियान के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है.

होटल मालिक ने कहा- पहले भी हुई थी सफाई
होटल मालिक चेतन गुप्ता ने बताया कि इससे पहले भी इन लोगों ने चैंबर की सफाई की थी. इस बार हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. उन्होंने कहा कि सफाई के लिए ही लोगों को बुलाया गया था. घटना की सूचना मिलने पर उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे. एसपी ने रेस्क्यू टीम को जरूरी निर्देश दिए. फिलहाल चैंबर में चारों लोगों के फंसने की वजह स्पष्ट नहीं है.

जांच के बाद पता चलेगी हादसे की वजह
हादसे के बाद होटल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. चैंबर के भीतर जहरीली गैस मौजूद थी या ऑक्सीजन की कमी के कारण यह घटना हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं. जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी.



Source link