पटना: बिहार में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज 1 नवंबर, रविवार को पूरे प्रदेश में आसमान में बादल छाए रहेंगे. हालांकि, अच्छी खबर यह है कि आज किसी भी जिले में बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों को ग्रीन जोन में रखा है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 नवंबर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बदला रहेगा. इसके बाद मौसम पूरी तरह सामान्य हो जाएगा. इन दिनों राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.
पिछले 24 घंटों में इन जिलों में हुई भारी बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी-खासी बारिश दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा बारिश बक्सर जिले के सिमरी में हुई, जहां 87.6 मिलीमीटर पानी बरसा.
इसके अलावा बक्सर के चक्की में 76.4 मिमी, सीवान के रघुनाथपुर में 76.2 मिमी और बक्सर के केसठ में 72.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. पश्चिम चंपारण के योगापट्टी में 68.6 मिमी, मैनाटांड़ में 65.6 मिमी, सिकटा में 64.8 मिमी और बेतिया में 64.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. सीवान के जीरादेई में 67.2 मिमी और शहर में 61.6 मिमी बारिश हुई. वहीं, गोपालगंज में 58.8 मिमी पानी गिरा.
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना के तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. अगले 4 से 5 दिनों तक पटना में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. वहीं, न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री के करीब बना रह सकता है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 2 नवंबर को पटना में हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 3 और 4 नवंबर को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं.
कल कैसा रहा तापमान?
बीते दिन यानी 31 अक्टूबर के तापमान की बात करें तो कैमूर में सबसे ज्यादा 32.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा नालंदा में 31.3 डिग्री, किशनगंज में 30.7 डिग्री और भागलपुर में 30.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं, गया में 27.8 डिग्री, दरभंगा में 28.4 डिग्री, पटना में 27.7 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 25.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
फसल खराब होने पर किसानों को मिलेगा मुआवजा
इस बेमौसम बारिश की वजह से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. धान, गन्ना, आलू और सब्जियों की फसलें खराब हो गई हैं. त्योहारी सीजन होने के बावजूद बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा. जिससे व्यापारियों को भी काफी घाटा उठाना पड़ा है.
पिछले दो दिनों की बारिश से हुए नुकसान को देखते हुए सरकार ने मुआवजे का एलान किया है. नुकसान का सही आकलन किया जाएगा और पीड़ित किसानों की पहचान होगी. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे जल्द से जल्द सर्वे पूरा करें और प्रभावित किसानों को मुआवजा दें.