Periods Bleeding: पीरियड्स में खून के थक्के क्यों बनते हैं? जानें कारण और बचाव


Last Updated:

Periods Bleeding: इसमें कोई दोराय नहीं कि पीरियड्स में सबको अलग-अलग तरह की परेशानियां होती हैं. कोई पेट में दर्द से परेशान रहता है, तो कोई कमर दर्द और ऐंठन से परेशान रहता है. इसके साथ ही ब्लड क्लोटिंग भी एक कॉमन प्रॉब्लम है. लेकिन इसके बारे में समझना जरूरी है. यहां एक्सपर्ट से जानें पीरियड्स में ब्लड क्लॉट्स क्यों बनते हैं, इनका सामान्य आकार कितना होता है और कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

 पीरियड्स में खून के थक्के क्यों बनते हैं? जानें कारण और बचावZoom

महिलाओं को पीरियड्स के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. पेट में दर्द, कमर में ऐंठन और थकान के अलावा कुछ महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान खून के थक्के यानी ब्लड क्लॉट्स भी दिखाई देते हैं. कई बार ये थक्के जेली जैसे दिखते हैं और इनका रंग लाल, गहरा लाल या मैरून हो सकता है.

गुरुग्राम स्थित मैक्स हॉस्पिटल में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के निदेशक और यूनिट हेड डॉ.रितु सेठी बताती हैं कि पीरियड्स के शुरुआती दिनों में, जब ब्लीडिंग ज्यादा होती है, तब छोटे-छोटे थक्के निकलना नॉर्मल है. हालांकि, हर बार इसे नजरअंदाज करना सही नहीं है. अगर बार-बार बड़े आकार के थक्के निकल रहे हैं और साथ में तेज दर्द या बहुत ज्यादा ब्लीडिंग हो रही है, तो यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है.

पीरियड्स में खून के थक्के क्यों बनते हैं?
मासिक धर्म के दौरान गर्भाशय की अंदरूनी परत बाहर निकलती है. इस परत में खून, टिश्यू और म्यूकस शामिल होते हैं. कई बार गर्भाशय या योनि से बाहर निकलने से पहले खून कुछ समय के लिए जमा हो जाता है, जिससे जेली जैसे थक्के बन जाते हैं. शरीर में ऐसे तत्व भी बनते हैं, जो खून को जमने से रोकते हैं. लेकिन जब ब्लीडिंग बहुत ज्यादा होती है, तो खून तेजी से बाहर निकलने लगता है और ये तत्व अपना काम पूरी तरह नहीं कर पाते. ऐसे में ब्लड क्लॉट्स बन सकते हैं. इसके अलावा एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन में बदलाव भी गर्भाशय की परत की मोटाई और ब्लीडिंग को प्रभावित करते हैं.

कितने बड़े ब्लड क्लॉट्स हैं सामान्य?
पीरियड्स के शुरुआती एक-दो दिनों में मटर या छोटे सिक्के के आकार के थक्के निकलना सामान्य माना जाता है. आमतौर पर 2.5 सेंटीमीटर यानी करीब एक इंच से छोटे थक्के चिंता की बात नहीं होते, बशर्ते इनके साथ कोई असामान्य लक्षण न हों. वहीं, अगर नियमित रूप से 2.5 सेंटीमीटर से बड़े थक्के निकलते हैं और ब्लीडिंग भी ज्यादा होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

पीरियड्स में बड़े थक्के बनने के कारण 

  • गर्भाशय में गांठ के कारण ज्यादा ब्लीडिंग और बड़े थक्के निकल सकते हैं.
  • एंडोमेट्रियोसिस और एडेनोमायोसिस होने पर पीरियड्स के दौरान तेज दर्द और ज्यादा ब्लीडिंग हो सकती है.
  • एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन में बदलाव गर्भाशय की परत को प्रभावित कर सकता है.
  •  थायरॉइड में गड़बड़ी के कारण मासिक धर्म का फ्लो बढ़ सकता है.
  • पीसीओएस होने पर हार्मोनल बदलाव के कारण पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं. लंबे समय तक पीरियड्स न आने से गर्भाशय की परत मोटी हो सकती है. इसके बाद ब्लीडिंग ज्यादा होने और बड़े थक्के निकलने की आशंका रहती है.
  • कुछ प्रकार के इंट्रायूटेराइन डिवाइस (IUD) के इस्तेमाल से भी ब्लीडिंग सामान्य से ज्यादा हो सकती है.

कब डॉक्टर को दिखाना जरूरी है?
अगर हर एक-दो घंटे में पैड या टैम्पोन बदलना पड़ रहा है, पीरियड्स सात दिनों से ज्यादा चल रहे हैं या बहुत ज्यादा कमजोरी और चक्कर महसूस हो रहे हैं, तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से मिलें. अगर लगातार दो घंटे तक हर घंटे पैड या टैम्पोन पूरी तरह भीग रहा है, तो तुरंत मेडिकल हेल्प लें.

बचाव और जरूरी सावधानियां
डाइट में पालक जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां, बीन्स और दालें शामिल करें। इनमें आयरन होता है, जो खून की कमी पूरी करने में मदद करता है. पर्याप्त मात्रा में पानी और दूसरे तरल पदार्थ पिएं. नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां करें और पर्याप्त नींद लें. अपने पीरियड्स की तारीख, ब्लीडिंग कितने दिन रहती है और पैड कितनी बार बदलना पड़ता है, इसका रिकॉर्ड रखें. ब्लड क्लॉट्स का आकार और उनकी संख्या भी नोट करें. इलाज ब्लीडिंग के कारण पर निर्भर करता है.इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के हार्मोनल या ब्लीडिंग रोकने वाली दवाएं न लें. बार-बार बड़े थक्के निकलना और ज्यादा ब्लीडिंग होना नजरअंदाज न करें, क्योंकि इससे आयरन की कमी और एनीमिया की समस्या हो सकती है.

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.



Source link