Last Updated:
CM Mohan Yadav Betul Visit: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल में कई बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की. उन्होंने 3 लाख 69 हजार तेंदूपत्ता संग्राहकों को 30 करोड़ रुपये का बोनस बांटा. कुकरू के विकास के लिए 15.52 करोड़ रुपये स्वीकृत किए. साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए शिक्षा और क्षेत्रीय विकास पर बात की.
बैतूल में सभा को संबोधित करते सीएम मोहन यादव.
Betul News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विकास के लिए कई बड़ी सौगातें दीं. मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस की राशि वितरित की. इस दौरान राज्य के 3 लाख 69 हजार संग्राहकों के बीच 30 करोड़ का तेंदूपत्ता बोनस लघु वनोपज के माध्यम से बांटा.
बैतूल में पर्यटन और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए सीएम ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने बताया कि कुकरू के विकास के लिए 15 करोड़ 52 लाख की लागत स्वीकृत की गई है. पुराने अनुभव को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे पहली बार कुकरू आए थे, तब उन्होंने वहां गर्मी में भी ठंडे वातावरण को महसूस किया था.
अब कुकरू में सरकारी और निजी स्तर पर कॉफी के बागान लगाए जाएंगे. इसके अलावा बैतूल में पेयजल व्यवस्था के लिए 48 करोड़ रुपये और गीता भवन के निर्माण के लिए 18 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. क्षेत्रीय विकास के तहत आमला, घोड़ाडोंगरी और मुलताई विधानसभाओं के लिए विभिन्न विकास कार्यों का ऐलान किया गया.
सड़क निर्माण, स्टेडियम, बटरफ्लाई पार्क
करोड़ों रुपये की लागत से कई सड़क निर्माण कार्यों और 4 जल परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई. खेल और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के लिए बैतूल में क्रिकेट और फुटबॉल स्टेडियम तथा एक जनजातीय संग्रहालय बनाने की घोषणा की गई. पर्यावरण और पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में 7 करोड़ की लागत से सफारी गेट बनाया जाएगा. वहीं 3 करोड़ से बटरफ्लाई पार्क बनाने का ऐलान भी किया.
बिरसा मुंडा की जयंती पर विशेष कार्यक्रम
कार्यक्रम में सीएम ने घोषणा की कि आगामी 14 नवंबर से प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर तीन दिनों तक विशेष उत्सव मनाया जाएगा. उन्होंने देश के जनजातीय क्रांतिकारियों को नमन किया. बैतूल की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा कि इस भूमि पर ताप्ती मैया, रुक्मणि बालाजी और 7 नदियों की असीम कृपा है और इस जगह की कोई तुलना नहीं की जा सकती.
कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा. उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी साफ हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद वे मानने को तैयार नहीं हैं. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस हारने पर ईवीएम को खराब बताती है, जबकि जीतने पर चुपचाप बैठ जाती है. शिक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में सरकारी स्कूलों में बैठने के लिए टाट-पट्टी तक नहीं मिलती थी. जबकि आज देश में सांदीपनी विद्यालय जैसे आधुनिक सर्वसुविधायुक्त सरकारी स्कूल मौजूद हैं.