लखनऊ : उत्तर प्रदेश के नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ-काशी समेत कई जिलों में रातभर तेज बारिश हुई है. इतना ही नहीं कई जगह तो अभी भी बदरा बरस रहे हैं. वहीं तेज हवाएं चल रही हैं. सुबह-सुबह मौसम सुहाना बना हुआ है. वहीं ऑफिस जाने वालों के लिए मुसीबत नजर आई. स्कूटी-बाइक के पहिए थम गए. वहीं कार सड़क पर रेंगती दिखीं. वहीं, बेचारी सुहागिनों ने बिना चांद देखें ही अपना करवा चौथ का व्रत तोड़ा. बता दें, यूपी में इस समय चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखाई दे रहा है. इसी की वजह से कल शाम से तेज बारिश हो रही है.
नोएडा-दिल्ली एनसीआर और लखनऊ में गुरुवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई. फिर बारिश ने रुकने का नाम नहीं लिया. पूरी रात इंद्रदेव खुश दिखाई दिए. मेरठ-काशी में भी शाम को तेज बारिश हुई. वहीं, अयोध्या, गाजियाबाद, गोरखपुर समेत 18 जिलों में हल्की बारिश हुई. सहारनपुर में आकाशीय बिजली बड़ी मस्जिद की मीनार पर गिर गई. तेज धमाके के साथ मीनार का एक हिस्सा टूटकर दूर जा गिरा.प्रतापगढ़ में पुलिस ने माइक से अनाउंसमेंट कर लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की.
49 शहरों के लिए अलर्ट
बेमौसम बारिश से धान की फसलों को नुकसान होने की आशंका है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 49 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें गोरखपुर, मेरठ और नोएडा समेत 43 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. यहां के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि 6 अन्य जिलों में और तेज बारिश, आंधी की आशंका है. कुशीनगर से महराजगंज तक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. तूफान के असर को देखते हुए सीएम योगी ने प्रदेश के सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.
यहां के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट
बागपत, बुलंदशहर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, बदायूं, बरेली, फर्रुखाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, जौनपुर, मऊ, आमजगढ़, उन्नाव, सीतापुर, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी समेत 43 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, श्रावास्ती, बलरामपुर, बहराइच, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज के लिए ऑरेंज अलर्ट है. यहां तेज बारिश होने की संभावना है.
वाराणसी में भी बरसे मेघ
वाराणसी में गुरुवार सुबह से बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, शहर में अब तक 5.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 19 किलोमीटर प्रति घंटे रही. बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है. शहर का तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस कम होकर 20 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 48 घंटे तक अर्नव चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है.