जनगणना की तारीखों का ऐलान, 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक; चुनावी राज्यों को छूट
Last Updated:
Census 2027 Dates: केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय जनगणना की तारीखों की घोषणा कर दी है. देश भर में यह जनगणना 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएगी. हालांकि, बर्फीले इलाकों और जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उन्हें इस समय सीमा से छूट दी जाएगी.
Census 2027: बर्फीले और चुनावी राज्यों को छोड़कर 25 जनवरी से शुरू होगी जनगणना. (प्रतीकात्मक File Photo : PTI)
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय जनगणना (Census 2027) की तिथियों का ऐलान कर दिया है. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, देश भर में जनगणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच संपन्न कराया जाएगा. प्रशासनिक कारणों और भौगोलिक परिस्थितियों के चलते बर्फीले क्षेत्रों और आगामी चुनाव वाले राज्यों को इस अवधि से अलग रखा गया है. भारत में जनगणना का आयोजन ‘जनगणना अधिनियम, 1948’ और ‘जनगणना नियम, 1990’ के प्रावधानों के तहत किया जाता है. सरकार ने इस बार जनगणना में पूछे जाने वाले सवालों की सूची पहले ही जारी कर दी थी.
- व्यक्ति का नाम
- परिवार के मुखिया से संबंध
- लिंग (पुरुष/महिला/अन्य)
- जन्म तिथि और आयु
- वर्तमान वैवाहिक स्थिति
- विवाह के समय आयु
- पति या पत्नी का नाम
- राष्ट्रीयता
- धर्म
- अनुसूचित जाति (SC) या अनुसूचित जनजाति (ST) विवरण
- पिता का नाम और विवरण
- माता का नाम और विवरण
- दिव्यांगता की स्थिति (यदि कोई हो)
- मातृभाषा और अन्य ज्ञात भाषाएं
- साक्षरता और डिजिटल साक्षरता की स्थिति
- शिक्षण संस्थान में उपस्थिति/अध्ययन की स्थिति
- प्राप्त उच्चतम शैक्षणिक योग्यता और विषय
- पिछले एक वर्ष में काम करने की स्थिति
- आर्थिक गतिविधि की श्रेणी (मुख्य या सीमांत कामगार)
- व्यवसाय या पेशा
- उद्योग, व्यापार या सेवा का प्रकार
- कामगार का वर्ग (मालिक, कर्मचारी, पारिवारिक कामगार)
- गैर-आर्थिक गतिविधि का स्वरूप
- काम की तलाश या काम के लिए उपलब्धता
- कार्यस्थल तक यात्रा का माध्यम और दूरी
- जन्म स्थान
- पूर्व निवास स्थान
- प्रवास (जगह बदलने) का कारण
- वर्तमान स्थान पर रहने की अवधि
- स्थायी पता
- वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या (संबंधित महिलाओं के लिए)
- अब तक जीवित पैदा हुए कुल बच्चों की संख्या
- पिछले एक वर्ष में जन्मे जीवित बच्चों की संख्या
- कोविड-19 टीकाकरण का विवरण/स्थान
- बैंक खातों की संख्या
- मोबाइल नंबर
- आधार नंबर (स्वैच्छिक/उपलब्ध होने पर)
- वोटर आईडी नंबर (उपलब्ध होने पर)
- पासपोर्ट नंबर (उपलब्ध होने पर)
- ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता
2021 में होनी थी, 5 साल बाद क्यों हो रही जनगणना?
देश में पिछली जनगणना 2011 में दो चरणों में पूरी की गई थी. इसके बाद 2021 की जनगणना को भी दो चरणों में आयोजित करने की योजना बनाई गई थी, जिसका पहला चरण अप्रैल-सितंबर 2020 और दूसरा चरण फरवरी 2021 में होना तय था. इसके लिए जमीनी स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और 1 अप्रैल 2020 से फील्ड वर्क शुरू होना था.
हालांकि, देश भर में फैले कोविड-19 महामारी के प्रकोप के कारण इस पूरी प्रक्रिया को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया था. अब सरकार ने 2027 में इसे कराने की औपचारिक रूपरेखा जारी कर दी है.