Last Updated:
Noel Tata Retirement : टाटा समूह की रिटेल कंपनी टाटा ट्रेंट के चेयरमैन नोएल टाटा 11 नवंबर को अपने पद से रिटायर हो जाएंगे. उनकी जगह बहराम वाकिल को कंपनी का नया चेयरमैन बनाया जाएगा. नोएल टाटा ने 31 मार्च, 2014 को ट्रेंट के चेयरमैन का पद संभाला था. कंपनी ने कहा है कि उनके योगदान को देखते हुए 12 नवंबर से उन्हें कंपनी के मानद चेयरमैन पद की उपाधि दी जाएगी.
नोएल टाटा ट्रेंट के चेयरमैन पद से रिटायर होने वाले हैं.
नई दिल्ली. टाटा समूह में जारी विवादों और उठापटक के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा 11 नवंबर को समूह की एक कंपनी से रिटायरमेंट लेने जा रहे हैं. कंपनी ने 29 अक्टूबर को शेयर बाजार को सूचना दी कि नोएल एन टाटा 11 नवंबर, 2026 को ट्रेंट लिमिटेड के निदेशक और चेयरमैन पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं. नोएल टाटा ने 12 साल पहले 31 मार्च, 2014 को ट्रेंट के चेयरमैन का पद संभाला था.
टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट ने बताया कि नोएल टाटा के योगदान को देखते हुए उन्हें 12 नवंबर से मानद चेयरमैन पद पर नियुक्त किया जाएगा. ट्रेंट के बोर्ड की बैठक में भी इस पर मुहर लगा दी गई है. कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि नोएल टाटा के नेतृत्व में कंपनी ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं और बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत की है. बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने बीते 29 सालों में कंपनी को दिए गए उनके योगदान को भी काफी सराहा.
क्या बोले नोएल टाटा
29 अक्टूबर को कंपनी के तिमाही रिजल्ट आने के बाद नोएल टाटा ने कहा कि ट्रेंट के चेयरमैन के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि ट्रेंट ने फैशन सेक्टर में एक नई कंपनी के रूप में शुरुआत करने से लेकर एक बड़ी कंपनी बनने तक का बदलाव देखना मेरे लिए खुशी की बात है. कंपनी ने अभी तक मजबूत ग्रोथ और मुनाफे के जरिये अलग पहचान बनाई है.
कौन होगा अगला चेयरमैन
टाटा ट्रेंट के बोर्ड ने बहराम वाकिल को नया चेयरमैन नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति 12 नवंबर से प्रभावी हो जाएगी. इसके साथ ही कंपनी ने राजीव दुबे को अतिरिक्त निदेशक के रूप में नियुक्त किया है. उनकी नियुक्ति 30 अक्टूबर से प्रभावी होगी, लेकिन इससे पहले शेयरहोल्डर्स की अनुमति लेनी होगी. दुबे करीब 40 साल से टाटा समूह के अलग-अलग सेक्टर्स में काम कर रहे हैं. उन्होंने टाटा मोटर्स से अपने करियर की शुरुआत की थी और इसके कार बिजनेस के अध्यक्ष पद तक पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने आदित्य बिड़ला समूह में बतौर कार्यकारी निदेशक ज्वाइन कर लिया.
दुबे के पास है लंबा अनुभव
दुबे ने कई भारतीय और अंतरराष्ट्रीय बोर्ड में काम कर चुके हैं. उन्होंने ऑटोमोबाइल, मेटल, खनन, पॉवर, अक्षय ऊर्जा, सीमेंट, ट्रेडिंग, रिटेल और वित्तीय सेवा क्षेत्र में काम किया है. ट्रेंट के बोर्ड ने कल्पना मर्चेंट को भी अतिरिक्त निदेशक पद पर नियुक्त किया है. उनका कार्यकाल 30 अक्टूबर से शुरू होकर 29 अक्टूबर, 2029 तक जाएगा. हालांकि, इससे पहले शेयरधारकों की अनुमति लेनी होगी. मर्चेंट के पास भी लीगल प्रोफेशन में काम करने का 45 साल का अनुभव है. उनकी विशेषज्ञता कॉमर्शियल प्रॉपर्टी, इन्फ्रा, प्रोजेक्ट फाइनेंस, बैंकिंग, कैपिटल मार्केट, विवादों को सुलझाने और विलय एवं अधिग्रहण सेक्टर में है.