Last Updated:
Bhopal News: दोपहर में ससुर के सोने और बेटे के स्कूल जाने के बाद आरती ने आत्मघाती कदम उठाया. दरअसल वह करवाचौथ के लिए ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी लेकिन पति अनिल ने उसे पार्लर ले जाने से इनकार कर दिया था. जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था.
करवाचौथ पर पार्लर न ले जाने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. (फोटो- AI)
रिपोर्ट- रमाकांत दुबे, भोपाल. आज 29 अक्टूबर 2026 को देशभर में करवाचौथ का त्योहार मनाया जा रहा है. सुहागिनें पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखे हुए हैं. महिलाएं सोलह श्रृंगार कर रही हैं. वहीं मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां करवाचौथ पर पति द्वारा ब्यूटी पार्लर न ले जाने पर एक महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है. उसमें लिखा है, ‘थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो.’ पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, घटना भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र की है. यहां एक घर में करवाचौथ की तैयारियों की जगह मातम पसरा हुआ है. 14 साल के बेटे के सिर से मां का साया उठ गया है. पत्नी को करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए उपवास रखना था लेकिन वह मामूली बात पर फांसी के फंदे से झूल गई. महिला की पहचान 44 वर्षीय आरती कुर्रे के रूप में हुई है.
दंपति के बीच हुआ था झगड़ा
दोपहर में ससुर के सोने और बेटे के स्कूल जाने के बाद आरती ने आत्मघाती कदम उठाया. बताया जा रहा है कि वह करवाचौथ पर ब्यूटी पार्लर जाना चाहती थी लेकिन पति अनिल कुर्रे ने उसे पार्लर ले जाने से मना कर दिया था. जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. दोपहर में आरती ने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली. जान देने से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा था. उसमें लिखा, ‘थैंक्यू हसबैंड, जा रही हूं, खुश रहो.’
नीचे गिरा था शव
आरती के काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर जब ससुर ने आवाज दी, तो कोई हरकत नहीं हुई. जिसके बाद उन्होंने अनिल को घर बुलाया. अनिल ने कमरे की खिड़की का कांच तोड़कर देखा, तो वह नीचे पड़ी मिलीं. ऐसा जान पड़ रहा था कि वह दुपट्टा टूटने से गिरी होगी. आरती की सांसें थम चुकी थीं. परिजनों ने फौरन पुलिस को सूचना दी. अवधपुरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगा रही है.