ग्रेटर नोएडा: जिंदगीभर मेहनत करके चाय और समोसे बेचने वाली 60 साल की संतोष ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि जिस पैसे को उन्होंने अपने भविष्य के लिए संभालकर रखा है, उसी के लिए उन्हें बैंक के चक्कर काटने पड़ेंगे. जेवर एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित जमीन के बदले मिले मुआवजे की रकम उनके परिवार की बड़ी पूंजी थी. मगर, अब उनके खाते से 1.18 करोड़ रुपये गायब हो गए हैं. संतोष को इस बात का पता तब चला, जब उनका बेटा मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक से पैसे निकालने पहुंचा. वहां जो जवाब मिला, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. बुजुर्ग महिला का दावा है कि बैंक में उनसे कहा गया कि खाते में अब कुछ नहीं बचा है.
खाते में नहीं मिली रकम
ग्रेटर नोएडा के बिरोंडा गांव की रहने वाली संतोष चाय और समोसे बेचकर अपना गुजारा करती हैं. उनके खाते में जमीन के मुआवजे के तौर पर कुल 1.29 करोड़ रुपये जमा थे. परिवार को भरोसा था कि जरूरत पड़ने पर यह पैसा उनके काम आएगा. मंगलवार को जब उनका बेटा खाते से कुछ पैसे निकालने पहुंचा, तो उसे पता चला कि खाते में रकम नहीं बची है. उनके खाते से करीब 1.18 करोड़ रुपये गायब हैं. इतनी बड़ी रकम के बारे में जानकारी मिलने के बाद परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
सदमे में बिगड़ी तबीयत
खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ गई. ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव होने के कारण उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. परिवार के लिए यह सिर्फ पैसों का मामला नहीं, बल्कि भविष्य की चिंता भी बन गया है. बुधवार को संतोष अपनी बहन के साथ बैंक के बाहर बैठीं और अपने पैसे के बारे में जवाब मांगती रहीं. सवाल यह था कि आखिर उनके खाते में जमा इतनी बड़ी रकम कहां चली गई?
कई ग्राहकों के खातों में गड़बड़ी की शिकायत
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ग्रेटर नोएडा स्थित इस शाखा में केवल संतोष ही परेशान नहीं हैं. कम से कम 25 ग्राहकों ने अपने खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट में बड़ी रकम गायब होने या बैलेंस में भारी कमी आने की शिकायत की है. पुलिस के मुताबिक, शिकायत करने वाले ग्राहकों की रकम अलग-अलग है. किसी ने लाखों रुपये गायब होने की बात कही है, तो किसी ने खाते में एक करोड़ रुपये से ज्यादा होने का दावा किया है. फिलहाल पूरे मामले में कितनी रकम प्रभावित हुई है, इसका सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायतों की संख्या अभी बढ़ सकती है. ऐसे में बैंक के दूसरे ग्राहक भी अपने खातों की जांच कराने पहुंच रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक, कुछ ग्राहकों को बैंक की ओर से कथित तौर पर संदेश और फोन मिले थे. उनसे कहा गया था कि अगर वे एक लाख रुपये से ज्यादा निकालना चाहते हैं, तो चार से पांच दिन पहले शाखा को जानकारी दें. एक ग्राहक को यह बात अजीब लगी. उसने अपने खाते की जांच की तो बैलेंस में गड़बड़ी का पता चला. इसके बाद दूसरे ग्राहकों ने भी अपने खातों की जानकारी देखनी शुरू की. आरोप है कि कई लोगों को अपनी जमा रकम में कमी या गड़बड़ी मिली. बुधवार को कई ग्राहक अपनी पासबुक लेकर बैंक पहुंचे. कुछ लोग खाते की जानकारी लेने के लिए इंतजार करते रहे, जबकि कुछ ने बैंक के बाहर विरोध जताया और अपना पैसा वापस मांगा.
बैंक ने भी शुरू की जांच
ग्रेटर नोएडा के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी-1) संचित शर्मा ने बताया कि ग्राहकों की शिकायतों की जांच की जा रही है. पुलिस अलग-अलग मामलों में सामने आए तथ्यों और रकम से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. वहीं, बैंक के चीफ मैनेजर राकेश निगम ने कहा कि कथित गड़बड़ी कब से हो रही थी, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं है. उन्होंने इसे घोटाला बताते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों को पकड़कर जेल भेजा जाएगा. बैंक प्रबंधन के मुताबिक, सभी कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है. साथ ही, ग्राहकों को एक सप्ताह के भीतर पैसा लौटाने का आश्वासन भी दिया गया है. हालांकि, अभी यह जांच का विषय है कि खातों से रकम कैसे गायब हुई.