MP Weather Today: इंदौर-उज्जैन में आसमान साफ तो इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट

MP Weather Today: इंदौर-उज्जैन में आसमान साफ तो इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, मध्य प्रदेश के मौसम की ताजा रिपोर्ट


जबलपुर. मध्य प्रदेश में बीते दिन से मौसम करवट ले चुका है. मंगलवार को कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई थी. आज 28 अक्टूबर 2026 को ज्यादातर जिलों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना बन रही है. वहीं गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवा भी लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने आज 32 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा. 29 अक्टूबर को पूरे राज्य में बारिश का अनुमान जताया गया है. कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ अति तीव्र वर्षा हो सकती है. मौसम विभाग अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार मौसम का अपडेट साझा कर रहा है. विभाग ने आंधी-बारिश के दौरान लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

IMD के मुताबिक आज भोपाल, सीधी, सिंगरौली, रीवा, मऊगंज, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, मैहर, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दतिया और भिंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें से सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में गरज-चमक और झोंकेदार हवा के साथ भारी बारिश होने के आसार हैं. इन 6 जिलों में 64.5 मिमी से लेकर 115.5 मिमी तक बारिश दर्ज की जा सकती है. वहीं शेष जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.

MP में 100 दिन सक्रिय रहा मानसून
मौसम विभाग ने अक्टूबर महीने की शुरुआत में ही बता दिया था कि पूरे माह गर्मी, ठंड और बरसात का ट्रेंड बना रहेगा. प्रदेश में इस साल मानसून 100 दिन सक्रिय रहा. इस दौरान कुछ जिलों में जहां बारिश का कोटा पूरा हो गया, तो वहीं कई जिले वर्षा के औसत आंकड़े को भी नहीं छू पाए.

आज कैसा रहेगा भोपाल का मौसम?
राजधानी भोपाल में आज काले बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं वज्रपात और हल्की बारिश हो सकती है. राजधानी में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी. अन्य दिनों की अपेक्षा आज तापमान में गिरावट बनी रहेगी, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी. आने वाले दिनों में तापमान में लगातार गिरावट होगी. पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस उज्जैन में दर्ज किया गया, तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री गिरवर (शाजापुर) में रिकॉर्ड हुआ.

बदलते मौसम में सेहत का रखें ध्यान
1. मौसम में बदलाव के दौरान स्वस्थ रहने के लिए अपने दैनिक आहार में मौसमी फल, ताजी हरी सब्जियां और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें.

2. बदलते मौसम के मिजाज और दैनिक गतिविधियों के साथ अपने शरीर को आसानी से ढालने के लिए निश्चित नींद का समय निर्धारित करें और पर्याप्त आराम करें.

3. दोपहर के समय बाहर रहने के दौरान चश्मे, टोपी या छाते का उपयोग करें और सनस्क्रीन लगाएं.

4. दिन के समय ठंडक बनाए रखने के लिए हल्के, हवादार और आरामदायक सूती कपड़े पहनें. सुबह-शाम की हल्की ठंड के लिए अपने पास एक हल्की चादर या जैकेट रखें.

5. मानसून के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खासकर सुबह और शाम के समय मच्छर भगाने वाली क्रीम, जाली या मच्छरदानी का उपयोग करें.

6. दिल की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को ठंड के मौसम में अपनी सेहत पर खास ध्यान देना चाहिए. वे नियमित रूप से अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और हृदय के लिए स्वस्थ आहार का सेवन और योग, व्यायाम आदि करते रहें.

7. बदलते मौसम के मद्देनजर भारतीय मौसम विभाग (IMD) की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें. मौसम के पूर्वानुमान और अलर्ट पर नजर बनाए रखें.



Source link