Arnab Cyclone Bihar LIVE: ऑर्नब का असर शुरू, पटना समेत 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Arnab Cyclone Bihar LIVE: ऑर्नब का असर शुरू, पटना समेत 13 जिलों में बारिश का अलर्ट, 50 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं


पटनाः बिहार में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘ऑर्नब’ का असर आज यानी 28 अक्टूबर से राज्य के कई जिलों में साफ तौर पर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने आज राज्य के 13 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में झमाझम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

आज इन 13 जिलों में रहेगा येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, जिन जिलों में आज बारिश और खराब मौसम का येलो अलर्ट जारी किया गया है. उनमें राजधानी पटना के अलावा जहानाबाद, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा और बेगूसराय शामिल हैं. इसके अलावा लखीसराय, जमुई, खगड़िया, मुंगेर, बांका और भागलपुर में भी मौसम बिगड़ने के पूरे आसार हैं. इन सभी जगहों पर मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. गरज-चमक के दौरान कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है. इसलिए लोगों को सावधान रहने को कहा गया है.

News18 पर लाइव अपडेट जारी है.

बिहार वेदर अपडेट

29 और 30 अक्टूबर को सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चक्रवाती तूफान का सबसे भयानक असर 29 और 30 अक्टूबर को देखने को मिलेगा. इन दोनों दिनों में पूरे बिहार के सभी जिलों में बारिश की चेतावनी है. मौसम की गंभीरता को देखते हुए कहीं येलो तो कहीं ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. लगातार होने वाली इस बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या पैदा हो सकती है और सड़कों पर यातायात भी प्रभावित हो सकता है.

40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में आज से लेकर 1 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस पूरे हफ्ते मौसम खराब रहने की संभावना है. तूफान के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा की ये रफ्तार कच्चे मकानों, पेड़ों और बिजली के तारों को नुकसान पहुंचा सकती है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम भले ही सामान्य रहा हो और पटना व गया समेत कई जगहों पर तेज धूप खिली हो, लेकिन शाम होते-होते हल्के बादल छाने लगे थे जो बदलाव का संकेत दे रहे थे.

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया है तूफान
यह चक्रवाती तूफान ‘ऑर्नब’ पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय था. इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश में बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम के पास तट पार करने का अनुमान था. तट पार करते समय इस तूफान की ताकत बहुत अधिक थी और हवा की रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे, तथा झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक आंकी गई थी. हालांकि, आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद अब इसका असर उत्तर भारत की तरफ बढ़ रहा है. जिसके कारण बिहार में मुख्य रूप से बारिश, तेज चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के रूप में इसका प्रभाव दिख रहा है.

राजधानी पटना में कैसा रहेगा हाल?
बिहार की राजधानी पटना में आज से ही मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. आज आसमान में घने बादल छाए रहने की उम्मीद है और शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तूफान के असर से हवा में नमी काफी बढ़ गई है. जिससे उमस के बाद अब बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं. आने वाले दो-तीन दिनों तक पटना में लगातार बारिश होने के आसार हैं. जिससे लोगों को जलजमाव और जाम का सामना करना पड़ सकता है.

किसानों और आम जनता के लिए जरूरी सावधानी
इस बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से खेती-किसानी को भारी नुकसान पहुंच सकता है. खेतों में खड़ी फसलें, बागान और खासकर केले, पपीते, सहजन तथा आम के पेड़ों को क्षति पहुंचने की पूरी आशंका है. कृषि विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी कटी हुई फसल को तुरंत किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें. साथ ही खेतों में पानी जमा न हो इसके लिए जलनिकासी की उचित व्यवस्था करें.

आम लोगों से ये अपील
आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों में न जाएं और भूलकर भी पेड़ों के नीचे शरण न लें. तेज हवा और आंधी के वक्त कमजोर मकानों, जर्जर दीवारों और बिजली के खंभों से हमेशा दूर रहें. मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर नए अपडेट जारी किए जा रहे हैं, इसलिए लोगों को ताजा चेतावनी पर ध्यान देते रहना चाहिए.



Source link