Last Updated:
Jio IPO : जियो प्लेटफॉर्म आखिरकार शेयर बाजार में लिस्ट हो गई और अब वह दूसरी सबसे बड़ी कंपनी भी बन गई है. एनएसई के एमडी-सीईओ आशीष चौहान का कहना है कि यह बाजार में लिस्ट होने वाली रिलायंस समूह की 12वीं कंपनी है. इसके लिस्ट होने के बाद एनएसई का मार्केट कैप भी बढ़कर 455 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है.
जियो का आईपीओ 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट हो चुका है.
नई दिल्ली. जियो प्लेटफॉर्म का आईपीओ आखिरकार शेयर बाजार में लिस्ट हो गया और इसी के साथ रिलायंस समूह की एक और कंपनी स्टॉक एक्सचेंज पर आ गई. लेकिन, आपको यह जानकर हैरानी हो सकती है कि रिलायंस कंपनी की 12वीं कंपनी है जियो, जो शेयर बाजार में लिस्ट हुई है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के एमडी और सीईओ आशीष कुमार चौहान ने बताया कि 28 अक्टूबर को लिस्ट होने वाली जियो प्लेटफॉर्म रिलायंस इंडस्ट्रीज समूह की 12वीं कंपनी है.
चौहान ने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म का एक्सचेंज पर स्वागत है, जो एनएसई पर लिस्ट होने 9वाली 3,138वीं कंपनी बन गई है. उन्होंने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनएसई का काफी पुराना नाता है. यह कंपनी अपनी शुरुआत से ही बेंचमार्कट निफ्टी-50 इंडेक्स में शामिल रही है. जियो प्लेटफार्म को एनएसई पर काफी रिस्पांस मिला और इसका आईपीओ 12.45 गुना सब्सक्राइब हुआ था.
455 लाख करोड़ पहुंचा एनएसई का मार्केट कैप
चौहान ने बताया कि जियो प्लेटफॉर्म की एंट्री के बाद एनएसई का मार्केट कैप भी बढ़ा है. उन्होंने बताया कि साल 1994 में जबसे एनएसई की शुरुआत हुई है, उसके बाद से अब यहां लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 127 गुना बढ़ चुका है.फिलहाल एनएसई का मार्केट कैप 455 लाख करोड़ रुपये (4.79 ट्रिलियन डॉलर) पहुंच गया है. जियो के आईपीओ को भी 7.4 लाख करोड़ की बोली मिली थी. तब इसके मार्केट कैप का अनुमान 10.3 लाख करोड़ लगाया गया था, लेकिन लिस्टिंग प्राइस से इसका मार्केट 12.45 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है.
देशभर में पहुंचा एनएसई का विस्तार
चौहान ने बताया कि एनएसई आज करीब 13.6 करोड़ नेविशकों को जोड़ चुका है, जिन्होंने 77.4 करोड़ अकाउंट बनाए हैं. यह प्लेटफॉर्म देश के 99.85 फीसदी पिन कोड को भी कवर करता है. इसका मतलब है कि एनएसई का कवरेज देश के कोने-कोने तक पहुंच गया है. साल 2025 में एनएसई और एसएमई प्लेटफॉर्म से 222 कंपनियों ने करीब 1.78 लाख करोड़ की पूंजी जुटाई थी. चालू वित्तवर्ष में भी 90 से ज्यादा कंपनियों ने अभी तक 90 हजार करोड़ रुपये बाजार से जुटा लिए हैं.
रिलायंस समूह की अन्य लिस्टेड कंपनियां
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जियो प्लेटफॉर्म लिमिटेड, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटैड, नेटवर्क 18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रियल इंन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, डेन नेटवर्क लिमिटेड, हैथवे केबल एंड डाटाकॉम लिमिटेड, जस्ट डायल लिमिटेड और जीटीपीएल हैथवे लिमिटेड भी बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं. इसमें से ज्यादातर कंपनियों का रिलायंस समूह ने अधिग्रहण किया है.