Bihar MLC Chunav Result: बिहार एमएलसी चुनाव कोसी स्नातक: कौन हैं एनके यादव जिनकी नजर हैट्रिक पर टिकी?

Bihar MLC Chunav Result: बिहार एमएलसी चुनाव कोसी स्नातक: कौन हैं एनके यादव जिनकी नजर हैट्रिक पर टिकी?


पूर्णिया के जिला स्कूल स्थित परीक्षा भवन में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना जारी है. पहली वरीयता के सभी 11 राउंड की गिनती रात दो बजे तक पूरी कर ली गई. इसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव को 24,258 वोट मिले हैं. वहीं, राजद प्रत्याशी नितेश यादव 18,918 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. जन सुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन को 15,536 वोट मिले हैं. इस तरह डॉ. एनके यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नितेश यादव से 5,340 वोटों से आगे हैं. हालांकि, पहली वरीयता में किसी भी प्रत्याशी को जीत के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिला. ऐसे में अब दूसरी वरीयता के मतों की गिनती से चुनाव का परिणाम तय होगा.

जीत के लिए 32,201 वैध मतों की जरूरत

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 14 जिलों में कुल 73,487 वोट पड़े थे. इनमें से 9,086 मत अवैध पाए गए, जबकि 64,401 मत वैध घोषित किए गए हैं. निर्धारित नियमों के अनुसार, प्रत्याशी को जीत के लिए कुल वैध मतों के आधे से अधिक मत हासिल करने होंगे. इस आधार पर जीत के लिए 32,201 मतों का आंकड़ा जरूरी है. पहली वरीयता में डॉ. एनके यादव को 24,258 वोट मिले हैं. इस लिहाज से उन्हें जीत का आंकड़ा पार करने के लिए करीब 7,943 अतिरिक्त मतों की जरूरत है. दूसरी वरीयता के मतों की गिनती इसी प्रक्रिया के तहत की जा रही है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि दूसरी वरीयता के मतों से कौन प्रत्याशी जीत के जरूरी आंकड़े तक पहुंचता है.

दोपहर तक घोषित हो सकते हैं नतीजे

पूर्णिया के जिला पदाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर तक चुनाव के नतीजे घोषित किए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि दूसरी वरीयता के मतों की गिनती तेजी से चल रही है. इस प्रक्रिया में कुछ तकनीकी नियमों का पालन करना होता है. इसी के अनुसार मतगणना की जा रही है.

जीत के साथ डॉ. एनके यादव की हैट्रिक पर नजर

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. हालांकि, पहली वरीयता के मतों में भाजपा, राजद और जन सुराज के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला प्रमुख रूप से दिखाई दिया है. डॉ. एनके यादव इस निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दो बार विधान परिषद के सदस्य चुने जा चुके हैं. उन्होंने 2014 और 2020 में भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी. यदि इस बार भी उन्हें जीत मिलती है, तो वह लगातार तीसरी बार विधान परिषद पहुंचेंगे और अपनी हैट्रिक पूरी करेंगे.

कौन हैं डॉ. एनके यादव?

डॉ. एनके यादव का पूरा नाम डॉ. नरेंद्र कुमार यादव है. उनका पैतृक घर झारखंड के गोड्डा में है, जबकि वह स्थायी रूप से भागलपुर में रहते हैं. पेशे से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. यादव का भागलपुर में अपना अस्पताल भी है. उनकी पत्नी डॉ. वीणा यादव भी चिकित्सक हैं और 2007 से 2012 तक भागलपुर की मेयर रह चुकी हैं. डॉ. एनके यादव गोल्ड मेडलिस्ट सर्जन भी हैं.
राजनीति में आने से पहले और उसके शुरुआती दौर में वह लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़े थे. वर्ष 2009 में उन्होंने भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था. वर्ष 2010 में वह भागलपुर सदर विधानसभा सीट से राजद-लोजपा गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी बने. इसके बाद 2014 में भाजपा के टिकट पर कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार एमएलसी चुने गए. वर्ष 2020 में उन्होंने दूसरी बार जीत दर्ज की थी.

क्या होगा राजनीतिक असर?

अब तीसरी जीत के लिए उनकी नजरें दूसरी वरीयता के मतों पर टिकी हैं. दूसरी ओर, राजद और जन सुराज के प्रत्याशियों के मतों का आगे की गणना पर क्या असर पड़ता है, यह भी चुनाव परिणाम के लिहाज से अहम होगा. अगर इस बार एन के यादव फिर जीत जाते हैं तो यह उनकी लगातार तीसरी जीत होगी और हैट्रिक के साथ विधान परिषद में पहुंचेंगे.



Source link