शिवकुमार के लिए खतरे की घंटी? कर्नाटक MLC चुनाव में चारों सीटों पर NDA की जीत
Last Updated:
Karnataka MLC Polls Result: कर्नाटक की सत्ता पर काबिज कांग्रेस को शिक्षक और स्नातक मतदाताओं ने बड़ा सियासी झटका दे दिया है. विधान परिषद की चार सीटों पर हुए कड़े मुकाबले में भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) के गठबंधन ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सभी चारों सीटों पर क्लीन स्वीप कर दिया.
कर्नाटक एमएलसी चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस को बड़ा झटका है. (फाइल फोटो)
Karnataka MLC Polls Result: भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए ने कर्नाटक विधान परिषद की सभी चार सीटें जीत ली हैं. यह मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है. एमएलसी चुनावों में सत्ताधारी कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई, जबकि भाजपा ने तीन और जनता दल (सेक्युलर) ने एक सीट जीती. भाजपा ने उत्तर-पूर्व शिक्षक, दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की. उसकी सहयोगी पार्टी जेडी (एस) ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र जीता.
दक्षिण-पूर्व स्नातक सीट पर भाजपा के केएम सुरेश ने कांग्रेस के शशि हुलिकुंटे मुट्ट को हराया. उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर भाजपा के एमएलसी शशील जी. नमोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हराया और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के एसवी संकानूर ने कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई को हराकर जीत दर्ज की. बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जेडी (एस) उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने पांच बार के विजेता पुट्टन्ना को हराया.
अपनी जीत पर बात करते हुए भाजपा एमएलसी लिंगराज पाटिल ने कहा, “कर्नाटक चुनाव के नतीजे कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता के गुस्से को दर्शाते हैं. लोगों ने कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और पूरे न किए गए वादों के कारण कांग्रेस को नकार दिया है.” उन्होंने कहा, “एसआईआर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ कांग्रेस के विरोध का लोगों पर कोई असर नहीं पड़ा है. लोग अभी भी प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा पर भरोसा करते हैं.”
यह कर्नाटक कांग्रेस के लिए उनके अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद (एमएलसी) के नेतृत्व में पहला चुनाव था. फिलहाल, 75 सदस्यों वाली विधान परिषद में पांच सीटें खाली हैं. इसमें कांग्रेस के 38 सदस्य, भाजपा के 24, जेडी (एस) के 6, एक निर्दलीय सदस्य और एक सभापति (चेयरमैन) हैं.
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच 23 अक्टूबर को एमएलसी चुनाव कराए गए. बेंगलुरु टीचर्स निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के दौरान, नगरभावी के अंबेडकर कॉलेज स्थित एक मतदान केंद्र के पास कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी. पूर्व कॉरपोरेटर मोहन कुमार पर लोगों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को काबू में लाने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए.