Last Updated:
Indore News: देवास जहरीली शराब कांड की जांच में अब इंदौर कनेक्शन सामने आया है. आरोपियों ने इंदौर के दवा बाजार से केमिकल मंगवाकर शराब जैसा मिश्रण तैयार कर उसे बोतलों में भरकर लाइसेंसी शराब की पेटियों में मिला दिया. इसके बाद इसे मार्केट में बेचा गया. इस मामले में मुख्य आरोपी समेत अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और फिलहाल, पुलिस अपनी जांच लगातार कर रही है.
देवास शराब कांड pic credit- freepik
मिथिलेश गुप्ता(इंदौर),
Dewas Liquor Update: मध्य प्रदेश के देवास जिले में चल रहे जहरीली शराब कांड की जांच में अब इंदौर कनेक्शन सामने आया है. पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपियों ने इंदौर के दवा बाजार से केमिकल मंगवाया और उससे शराब जैसा मिश्रण तैयार किया. इसके बाद इस नकली शराब को बोतलों में भरकर लाइसेंसी शराब की पेटियों में मिलाकर बाजार में बेचा गया. इस मामले में मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल समेत अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
1 अक्टूबर को हुई थी केमिकल की बुकिंग
पुलिस के अनुसार, केमिकल की बुकिंग 1 अक्टूबर को इंदौर के दवा बाजार स्थित एक गोदाम संचालक के ऑफिस से कराई गई थी. इसके बाद लोहा मंडी स्थित महावीर मार्केट के गोदाम से केमिकल मंगाया गया. पुलिस अब केमिकल की खरीद और उसके परिवहन से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
दो मकानों पर तैयार हुआ था मिश्रण
जांच में सामने आया कि देवास जिले के पूर्वादादाई गांव में अजय राठौर के मकान और लोहारपीपल्या में उसके साथी गोविंद के मकान पर केमिकल में पानी मिलाकर शराब जैसा मिश्रण तैयार किया गया. इस मिश्रण को बोतलों में भरा गया और फिर लाइसेंसी शराब की पेटियों में शामिल कर दिया गया.
असली शराब की तरह बाजार में खपाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने नकली शराब को असली शराब की तरह दिखाकर बाजार में बेचने की कोशिश की. चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में भी नकली शराब बेची गई. पुलिस नकली शराब की सप्लाई से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.
पुलिस कर रही नकली केमिकल की जांच
जांच के दौरान मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 49-क भी जोड़ी गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि केमिकल कहां से खरीदा गया, नकली शराब कितनी मात्रा में तैयार हुई और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया गया. फिलहाल, इस मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, तो इसमें कई नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, सभी पहलुओं की अच्छे से जांच की जा रही है.