Last Updated:
Bihar MLC Election Result: न्यूज18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में मोकामा विधायक अनंत सिंह ने कहा कि उनकी नाराजगी जेडीयू से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है. इसी वजह से उन्होंने पटना स्नातक सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया. नीरज कुमार की बढ़त पर उन्होंने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है, लेकिन वह उन्हें बधाई नहीं देंगे. अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के प्रति अपना सम्मान भी जताया.
अनंत सिंह
पटना: बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबला चर्चा में है. इस चुनाव में मोकामा के विधायक अनंत सिंह के समर्थन को भी काफी अहम माना जा रहा है. इस बीच न्यूज18 ने अनंत सिंह से एक्सक्लूसिव बातचीत की. इसमें उन्होंने साफ कहा कि उन्हें जेडीयू से कोई नाराजगी नहीं है. उनकी नाराजगी सिर्फ नीरज कुमार से थी. इसी वजह से उन्होंने जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन किया.
बता दें कि विधान परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान जेडीयू के नीरज कुमार बढ़त बनाए हुए हैं. वह 1337 वोटों से आगे चल रहे हैं. नीरज कुमार की बढ़त के बीच अनंत सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जनता सबसे बड़ी मालिक है. जनता जो फैसला करती है, उसे स्वीकार करना चाहिए.
नीरज कुमार पर क्या बोले अनंत सिंह?
न्यूज18 से खास बातचीत में जब अनंत सिंह से पूछा गया कि नीरज कुमार जीत की ओर बढ़ रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि अगर नीरज कुमार जीत गए हैं, तो ठीक है. यह जनता का फैसला है और उन्हें यह फैसला स्वीकार है. अनंत सिंह ने कहा कि वह जनता के फैसले का सम्मान करते हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी पार्टी के खिलाफ न पहले कुछ बोल रहे थे और न आगे ऐसा करेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव के नतीजों से कोई निराशा नहीं है. जनता ने जिसे चुना है, उसका फैसला सर्वोपरि है. हालांकि नीरज कुमार को बधाई देने के सवाल पर अनंत सिंह ने साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी की वजह नीरज कुमार ही हैं.
NEWS18 से खास बातचीत में विधायक अनंत सिंह का बड़ा बयान..
कहा- पार्टी से निकाले जाने का कोई गम नहीं.. नीरज से परेशानी थी इसलिए अनुज का समर्थन किया https://t.co/ouxChvXaVH