अनंत अंबानी ने 28 अक्टूबर, बुधवार को जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग के मौके पर उन करोड़ों भारतीयों का आभार जताया जिन्होंने इस टेलीकॉम और डिजिटल सेवा कंपनी को सपोर्ट किया है. इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के बिजनेस की विरासत का जिक्र किया. लिस्टिंग समारोह में जियो प्लेटफॉर्म्स के निदेशक-बोर्ड सदस्य अनंत ने कहा, “जुग-जुग जिओ, आज एक्सचेंज की घंटी मेरे लिए मंदिर की घंटी जैसी लगेगी क्योंकि मेरे लिए बिजनेस पूजा है, और हर पूजा प्रसाद के साथ खत्म होती है. प्रसाद हमेशा बांटा जाता है. आज जियो को भारत के साथ बांटा जा रहा है.”
उन्होंने कहा, “मैं आज सबसे महत्वपूर्ण शब्द से शुरू करता हूं, कृतज्ञता.” उन्होंने उन करोड़ों लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने जियो पर भरोसा किया और इस लिस्टिंग को संभव बनाया. रिलायंस ग्रुप के विजन का जिक्र करते हुए अनंत अंबानी ने अपने पिता रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और दादा व ग्रुप के संस्थापक धीरूभाई अंबानी के सपनों को याद किया.
अनंत ने कहा, “हमारे पिता मुकेश धीरूभाई अंबानी ने एक सपना देखा कि भारत पीछे नहीं रहेगा.” उन्होंने जोड़ा कि धीरूभाई अंबानी ने दिखाया कि एक साधारण भारतीय भी कुछ असाधारण हासिल करने का सपना देख सकता है. अंबानी ने अपने परिवार और जियो के कर्मचारियों की भूमिका को भी स्वीकार किया. उन्होंने याद करते हुए कहा, “मेरे दादा का सपना, मेरी दादी का आशीर्वाद, मेरे पिता का मार्गदर्शन, मेरी मां की देखभाल और विनम्रता.
उन्होंने जियो की फील्ड टीम्स, बारिश और गर्मी में काम करने वाले तकनीशियनों, इंजीनियरों, सेवा कर्मचारियों, स्टोर कर्मचारियों और रिटेल पार्टनर्स का धन्यवाद किया. उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों और पार्टनर्स से कहा, “यह दिन आपका है.”उन्होंने ‘जुग जुग जियो’ कहा, जो देश भर के लोगों, परिवार और दोस्तों से मिले आशीर्वाद और प्रोत्साहन को याद दिलाता है.
ये बातें उस समय कही गईं जब जियो प्लेटफॉर्म्स भारत के सबसे बड़ा आईपीओ बनने के बाद बीएसई और एनएसई पर ट्रेडिंग शुरू करने की तैयारी कर रहा था. कंपनी ने आईपीओ की कीमत 1,119 रुपये प्रति शेयर तय की, जो प्राइस बैंड का ऊपरी स्तर था. इससे कंपनी की वैल्यूएशन लगभग 10.3 लाख करोड़ रुपये हो गई. सार्वजनिक निर्गम 21 अक्टूबर को खुला और 23 अक्टूबर को बंद हुआ.
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार यह 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ. क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स ने अपने हिस्से का 70.55 गुना सब्सक्राइब किया, जबकि रिटेल कैटेगरी 2.72 गुना सब्सक्राइब हुई.