Physical Relations In Marriage : शादी में पत्नी का सेक्स से इनकार करना क्या मानसिक क्रूरता है? राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले पर छिड़ी बहस

Physical Relations In Marriage : शादी में पत्नी का सेक्स से इनकार करना क्या मानसिक क्रूरता है? राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले पर छिड़ी बहस


शादी के बाद पति-पत्नी के बीच प्यार, भरोसे और भावनात्मक जुड़ाव की उम्मीद की जाती है. लेकिन जब दोनों की जरूरतें और इच्छाएं अलग-अलग हों, तो क्या होता है? खासकर तब, जब एक साथी शारीरिक संबंध बनाना चाहता हो और दूसरा इसके लिए तैयार न हो. क्या ऐसी स्थिति को मानसिक क्रूरता माना जा सकता है? राजस्थान हाईकोर्ट के एक फैसले ने इसी सवाल पर नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले को लेकर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं. कोई अदालत के फैसले को सही बता रहा है, तो कोई सवाल उठा रहा है कि शादी में शारीरिक संबंधों से ज्यादा जरूरी सहमति नहीं है क्या?

Canva

क्या है राजस्थान हाईकोर्ट का पूरा मामला?

इस मामले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के व्यवहार से परेशान होकर तलाक की अर्जी दाखिल की थी. पति का आरोप था कि उसकी पत्नी न सिर्फ उसके पेशे को लेकर उसे ताने मारती थी और साथ रहने से इनकार करती थी, बल्कि उसने आत्महत्या करने की धमकी भी दी थी. पति का कहना था कि पत्नी के इस अड़ियल रवैये के कारण उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा है.

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों के साक्ष्यों और दलीलों की बारीकी से जांच की. कोर्ट ने पाया कि पति द्वारा लगाए गए ये आरोप सही साबित हुए कि पत्नी ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और खुद को नुकसान पहुंचाने या आत्महत्या करने की धमकी दी. अदालत ने यह भी माना कि बिना किसी चिकित्सकीय समस्या या ठोस कारण के लंबे समय तक शारीरिक संबंधों से एकतरफा दूरी बनाना पार्टनर को मानसिक रूप से तोड़ने के समान है. इसी आधार पर अदालत ने पति को दिए गए तलाक के फैसले को सही ठहराया.

सोशल मीडिया पर क्या छिड़ी बहस?

फैसले के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय बंटी हुई नजर आ रही है. कुछ लोगों का कहना है कि अगर पति-पत्नी की शारीरिक जरूरतें लगातार अनदेखी की जाती हैं, तो इसका रिश्ते पर गहरा असर पड़ सकता है. वहीं, दूसरे लोग सवाल उठा रहे हैं कि शारीरिक संबंध बनाने की इच्छा न होना अपने आप में प्यार की कमी या गलत व्यवहार का सबूत कैसे हो सकता है.

कुछ लोगों ने अरेंज मैरिज में आपसी समझ की कमी पर भी सवाल उठाए. वहीं, एक राय यह भी सामने आई कि ऐसे मामलों में तलाक को ही एकमात्र रास्ता मानने के बजाय कपल काउंसलिंग और खुलकर बातचीत को मौका दिया जाना चाहिए.

शादी में सेक्स से सहमति कितनी जरूरी?

इस बहस का एक अहम पहलू यह है कि शादी का मतलब किसी भी साथी की सहमति को नजरअंदाज करना नहीं है. पति हो या पत्नी, शारीरिक संबंधों के लिए दोनों की सहमति जरूरी है. किसी व्यक्ति का इनकार अपने आप में यह साबित नहीं करता कि वह अपने साथी से प्यार नहीं करता. इसके पीछे भावनात्मक दूरी, रिश्ते में तनाव, असहजता या दूसरे कारण हो सकते हैं.

दूसरी ओर, अगर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से मतभेद बने हुए हैं और वे एक-दूसरे की जरूरतों को समझने या समस्या सुलझाने में असमर्थ हैं, तो रिश्ते में तनाव बढ़ सकता है. ऐसे में बातचीत और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेना उपयोगी हो सकता है.

रिश्ते में क्यों आती है ऐसी स्थिति?

रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स और मनोवैज्ञानिकों का मानना है कि शादी जैसे पवित्र बंधन में जब इस तरह की खटास पैदा होती है, तो इसके पीछे रातों-रात बने हालात नहीं होते. इसके कई गहरे कारण हो सकते हैं:

बातचीत की कमी (Communication Gap):
जब पति-पत्नी अपने इमोशन, जीवन से उम्‍मीद या समस्याओं को एक-दूसरे से खुलकर साझा नहीं कर पाते, तो उनके बीच दूरियां बढ़ने लगती हैं और यही दूरियां बाद में मानसिक कुंठा का रूप ले लेती हैं.

मेंटल हेल्‍थ और स्‍ट्रेस बड़ी वजह :
मौजूदा दौर की वर्कप्लेस का दबाव, एंग्जैयटी, डिप्रेशन या किसी पुराने भावनात्मक आघात (Trauma) के कारण कई बार व्यक्ति का मानसिक संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे उसका भावनात्मक और शारीरिक जुड़ाव कम हो जाता है.

एक दूसरे के प्रति रिस्‍पेक्‍ट न होना :
पार्टनर के पेशे या काम को लेकर ताने मारना, आपसी आदर को खत्म कर देता है. जब रिश्ते में सम्मान ही नहीं बचेगा, तो जुड़ाव की उम्मीद करना मुश्किल हो जाता है.

इमोशनल ब्लैकमेलिंग खतरनाक:
आत्महत्या की धमकी देना या खुद को या दूसरे को भावनात्मक रूप से टॉर्चर करना रिश्ते के लिए घातक साबित होता है.

यह मामला सिर्फ एक कानूनी फैसला नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए एक सबक भी है. रिश्ते में कानूनी दांव-पेंच या अदालत तक जाने की नौबत आने से पहले जरूरी है कि आपस में बेहतर बातचीत का माहौल बनाएं, अगर किसी तनाव या प्रॉब्‍लम से जूझ रहे हैं और रिश्ते में कड़वाहट आ रही है, तो काउंसलिंग या आपसी सूझबूझ से उसका समाधान निकाले की कोशिश करें. आपसी सम्मान, संवेदनशीलता और एक-दूसरे की मानसिक स्थिति को समझना ही एक खुशहाल रिश्ते की असली चाबी है.

डिस्क्लेमर: यह लेख अदालत के फैसले और सोशल मीडिया प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. हर वैवाहिक मामले की परिस्थितियां अलग होती हैं. इसे कानूनी सलाह न माना जाए.



Source link