Last Updated:
IPS Sanjeev Gandhi Transfer: हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार ने आईपीएस अफसर और डीआईजी संजीव गांधी का फिर से तबादला कर दिया है. उन्हें हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, शिमला का प्रबंध निदेशक बनाया गया है.
शिमला के पूर्व एसपी संजीव गांधी.
शिमला. हिमाचल प्रदेश में आईपीएस अफसर और डीआईजी संजीव गांधी का एक बार फिर से तबादला कर दिया गया है. सुक्खू सरकार ने उन्हें अब नई जिम्मेदारी सौंपी है. 24 अक्तूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, संजीव गांधी को अब हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, शिमला का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है.
मौजूदा समय में आईपीएस संजीव गांधी मौजूदा समय में हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा के प्रबंध निदेशक थे.
जानकारी के अनुसार, 22 अक्तूबर को संजीव गांधी पर सुक्खू सरकार ने दो केस दर्ज किए थे और बीते 9 महीने में पांचवीं बार उनका ट्रांसफर किया गया है. वह लगातार अब सुक्खू सरकार के निशाने पर हैं.
सुक्खू सरकार की ओर से जारी आदेश.
- 23 जनवरी 2023 को संजीव गांधी को शिमला का एसपी नियुक्त किया गया और वह करीब तीन साल इस पोस्ट पर रहे.
- 7 फरवरी 2026: शिमला के एसपी पद से हटाकर उन्हें कार्मिक विभाग के अधीन रखा गया. 9 फरवरी 2026 को उन्हें मिल्कफेड का मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया गया.
- 24 फरवरी 2026: संजीव गांधी को फिर एमडी पद पर कार्यभार संभालने के बजाय कार्मिक विभाग में रिपोर्ट करने को कहा गया.
- 24 मार्च 2026: डीआईजी ट्रैफिक टूरिस्ट और रेलवे के पद पर तैनात किया गया और 24 मार्च को उन्होंने कार्यभार संभाला.
- 7 अक्तूबर 2026 को फिर से सुक्खू सरकार ने आईपीएस संजीव गांधी का तबादला किया और हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा के प्रबंध निदेशक बनाया.
- 24 अक्तूबर 2026 को फिर से सुक्खू सरकार ने आईपीएस संजीव गांधी का तबादला कर दिया है और अब वह हिमाचल पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा के प्रबंध निदेशक से बदलकर हिमाचल प्रदेश जनरल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड के निदेशक नियुक्त किए गए हैं.
दो केस किए थे दर्ज
संजीव गांधी के खिलाफ हाल ही में शिमला पुलिस ने दो केस दर्ज किए हैं. उनपर जहां एक कॉन्सटेबल ने धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे. इसके अलावा, शिमला में एसपी रहते हुए सरकारी आवास के 14 लाख रुपये से अधिक के फंड के दुरुपयोग के आरोपों के चलते भी केस दर्ज किया गया था.
कौन हैं संजीव गांधी
आईपीएस संजीव गांधी सोलन जिले के अर्की के रहने वाले हैं. उन्होंने 1998-99 (HPPS) में हिमाचल पुलिस की नौकरी ज्वाइन की थी. साल 2017 में उन्हें प्रमोट किया गया था और 2012 कैडर के तहत उन्हें आईपीएस बनाया गया था. संजीव गांधी ने पुलिस में आने से पहले शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी से वकालत की पढ़ाई की थी. उस दौरान सीएम सुक्खू भी उनके साथ लॉ की पढ़ाई कर रहे थे. हालांकि, बिजली विभाग के इंजीनियर विमन नेगी केस की संदिग्ध मौत मामले में उन्होंने डीजीपी के खिलाफ अपना हलफनामा दिया था. इसके बाद सरकार की काफी फजीहत हुई थी और तब से ही गांधी सरकार के निशाने पर हैं.