Last Updated:
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप को टिकट देने का ऐलान किया है. कीर्ति कश्यप से पहले समाजवादी पार्टी आधिकारिक तौर पर अयोध्या से पवन पांडेय को भी टिकट देने का ऐलान कर चुकी है.
अखिलेश यादव के साथ धर्मेंद्र कश्यप और उनकी बेटी कृति कश्यप.
लखनऊः भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले धर्मेंद्र कश्यप को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा तोहफा दिया है. अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र कश्यप की बेटी कीर्ति कश्यप को टिकट देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही सपा ने अब तक आधिकारिक तौर पर दो लोगों को टिकट देने की घोषणा कर दी है. कीर्ति कश्यप से पहले अयोध्या के पवन पांडेय को टिकट देने का आधिकारिक ऐलान किया गया था. बता दें कि आज ही धर्मेंद्र कश्यप ने सपा का दामन थामा था.
आधिकारिक रूप से धर्मेंद्र कश्यप ने ली सदस्यता
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री कश्यप ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में आधिकारिक रूप से सपा की सदस्यता ली. कश्यप अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आते हैं. सूत्रों ने बताया कि कश्यप को राज्यसभा का टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया. भाजपा ने बरेली जिले से ही पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री व झारखंड के पूर्व राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया, जो राज्यसभा में निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं.
भाजपा सरकार से लोग तंग हो चुके हैं- धर्मेंद्र कश्यप
अखिलेश यादव की मौजूदगी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कश्यप ने कहा कि राज्य में खराब कानून-व्यवस्था के कारण लोग भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ‘बुलडोजर’ उनकी अपनी जाति के लोगों पर नहीं चलता, बल्कि गरीबों को निशाना बनाया जाता है. सपा मुखिया ने कश्यप का सपा में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी मजबूत होगी.