Last Updated:
यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में रक्षा मंत्रालय और प्रमुख तेल रिफाइनरी रास तनूरा पर मिसाइल हमले का दावा किया है. सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, रियाद की ओर दागी गई दो और पूर्वी प्रांत की तरफ आई तीन मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया. रास तनूरा इलाके में आग लगने की खबर भी आई, लेकिन नुकसान की पूरी जानकारी साफ नहीं है.
हूतियों ने सऊदी पर जोरदार हमले का दावा किया.
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के कई अहम ठिकानों पर हमले करने का दावा किया है. हूतियों के मुताबिक, उन्होंने राजधानी रियाद में रक्षा मंत्रालय और देश की प्रमुख तेल रिफाइनरी रास तनूरा को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया. दूसरी तरफ, सऊदी अधिकारियों ने रियाद की ओर दागी गई दो मिसाइलों को रोककर नष्ट करने की बात कही है. राजधानी में धमाकों की आवाजें सुनाई देने और लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने का अलर्ट मिलने से चिंता बढ़ गई. रास तनूरा इलाके में आग लगने की खबर भी सामने आई.
रियाद में धमाकों से हड़कंप, लोगों को मिला अलर्ट
हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने मंगलवार को दावा किया कि उनके संगठन ने रियाद स्थित सऊदी रक्षा मंत्रालय पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया और निशाना सीधे लगा. हालांकि, सऊदी अधिकारियों का कहना है कि राजधानी की तरफ आने वाली दो हूती मिसाइलों को इंटरसेप्ट करके नष्ट कर दिया गया. समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, मंगलवार को रियाद में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं. शहर के लोगों को मोबाइल पर सुरक्षित जगह पर जाने का अलर्ट भी मिला. धमाकों की तीव्रता इतनी थी कि शहर के मध्य इलाके में दफ्तरों की खिड़कियां तक हिल गईं. फिलहाल हूतियों के सीधे हमले के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. दोनों पक्षों के बयानों में अंतर के कारण यह स्पष्ट नहीं है कि मिसाइलें किन ठिकानों तक पहुंचीं और कितना नुकसान हुआ.
सऊदी की बड़ी तेल रिफाइनरी पर हमले का दावा
हूतियों ने रास तनूरा तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाने का दावा किया है. यह रिफाइनरी सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत में फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है और देश के ऊर्जा क्षेत्र के प्रमुख केंद्रों में से एक है. हूती प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, रिफाइनरी पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया गया, जिससे वहां बड़े पैमाने पर आग लग गई. दूसरी तरफ, सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने इससे पहले कहा था कि पूर्वी प्रांत की ओर दागी गई तीन मिसाइलों को मार गिराया गया. रास तनूरा के दक्षिण में स्थित अल खोबर के एक निवासी ने AFP को बताया कि सुबह के वक्त मोबाइल पर अलर्ट मिलने के बाद जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी.
समुद्री सुरक्षा एजेंसी वैनगार्ड ने भी मंगलवार तड़के रास तनूरा इलाके में हमले के बाद आग लगने की सूचना दी. रिपोर्ट के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया था. हालांकि, रिफाइनरी को कितना नुकसान हुआ और तेल लोडिंग के काम पर कोई असर पड़ा या नहीं, यह स्पष्ट नहीं हो सका. रास तनूरा परिसर की तेल रिफाइनरी क्षमता प्रतिदिन 5.5 लाख बैरल है. इस वजह से यहां किसी भी तरह की बाधा सऊदी अरब के ऊर्जा क्षेत्र के लिए अहम हो सकती है. इससे पहले मार्च की शुरुआत में ड्रोन हमले के बाद रिफाइनरी का कुछ हिस्सा अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा था. उस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया गया था.