कैसे विक्की तोमर ने दिल्ली की 20 महिला सिपाहियों को प्रेम जाल में फंसाकर लूटा?
Last Updated:
Delhi Women Constables: दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद निवेश के जरिये अच्छे मुनाफे का लालच देकर 24 लाख रुपये की ठगी के आरोप में 26 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह आरोप भी लगाया है कि आमने-सामने हुई मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसका शीलभंग करने के इरादे से उसकी कमर को अनुचित तरीके से छुआ था.
विक्की तोमर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. (फाइल फोटो)
Delhi Police Women Constables: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल की गिरफ्त में आए विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर ने खाकी को ही अपना शिकार बना डाला. खुद को बड़ा क्रिकेटर और रईस कारोबारी बताकर उसने एक ही बैच की करीब 20 महिला सिपाहियों को प्रेम जाल में फंसाया. आरोपी ने एक पीड़िता से अकेले 24 लाख रुपये ऐंठे. रिमांड के दौरान सामने आया कि वह बॉलीवुड फिल्म के शातिर किरदार की तरह महिलाओं को भावनात्मक रूप से ठग रहा था.
आरोपी की लिव-इन पार्टनर खुद दिल्ली पुलिस में सिपाही है. उसी के फोन से डेटा निकालकर उसने अन्य महिला कर्मियों को इंस्टाग्राम पर निशाना बनाया. यह पूरी रकम उसने अय्याशी और ऑनलाइन सट्टेबाजी में उड़ा दी. पुलिस अब पूरे देश में फैले इस नेटवर्क की कड़ियां तलाश रही है.
प्यार का फरेब और वर्दी पर वार
उत्तर प्रदेश के बागपत का रहने वाला 26 साल का विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर सोशल मीडिया पर फर्जी चकाचौंध का जाल फैलाता था. वह हर दिन हजारों रुपये किराए पर देकर लग्जरी गाड़ियां लेता था. इसके बाद शानदार लाइफस्टाइल की रील्स बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करता था. इसी दिखावे के दम पर वह महिला पुलिसकर्मियों से संपर्क साधता था. बातचीत की शुरुआत खेल कोटे से भर्ती का रास्ता पूछने से होती थी. फिर नजदीकियां बढ़ाकर वह शादी के सपने दिखाने लगता था.
लिव-इन पार्टनर के फोन से निकाला डेटा
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा आरोपी के निजी रिश्तों को लेकर हुआ. विक्की तोमर दिल्ली पुलिस की एक महिला सिपाही के साथ लिव-इन में रह रहा था. उसने अपनी पार्टनर के मोबाइल और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल किया. पार्टनर के फोन से उसके पूरे बैच की महिला सिपाहियों की लिस्ट बनाई. उनके सोशल मीडिया हैंडल और पर्सनल डिटेल जुटाए. एक-एक कर करीब 20 महिला कर्मियों को सीधे इंस्टाग्राम पर टारगेट किया. भरोसे में लेकर उनसे लाखों रुपये पर्सनल लोन और सेविंग्स से ट्रांसफर करवाए.
ऑनलाइन सट्टेबाजी और अय्याशी में उड़ाई रकम
पुलिस की जांच में आरोपी के बैंक खातों से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. महिला सिपाहियों से वसूली गई रकम को वह सट्टेबाजी में पानी की तरह बहाता था. एक महिला सिपाही से ठगे गए 24 लाख रुपयों में से 8 लाख रुपये सीधे सट्टा प्लेटफार्मों के खातों में भेजे गए थे. बाकी महिलाओं से ऐंठी रकम भी उसने मौज-मस्ती और जुए में गंवा दी.
देशव्यापी हो सकता है ठगी का यह नेटवर्क
सेंट्रल जिला पुलिस के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है. साइबर टीम आरोपी के बैंक खातों और मोबाइल डेटा की फॉरेंसिक पड़ताल कर रही है. अधिकारियों को अंदेशा है कि विक्की ने दिल्ली के अलावा दूसरे राज्यों की महिला पुलिसकर्मियों को भी शिकार बनाया हो सकता है. पूरा डेटा रिकवर होने के बाद इस गिरोह से जुड़े कई और राज सामने आ सकते हैं.