Last Updated:
Tejashwi Yadav On Anant Singh : अनंत सिंह प्रकरण के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उनकी पत्नी नीलम देवी समेत तीन विधायकों को लेकर बड़ा बयान दिया है. तेजस्वी ने कहा कि बिहार में विश्वास मत के दौरान नीलम देवी, प्रहलाद यादव और चेतन आनंद ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी. उन्होंने कहा कि आरजेडी ने उसी समय तीनों को चेतावनी दी थी. तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि आज देखिए इन तीनों लोगों का क्या हाल है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि अनंत सिंह के साथ जो होना है, वह हो रहा है.
पटना. मोकामा विधायक अनंत सिंह के जेडीयू से निष्कासन और उनकी विधानसभा सदस्यता को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान दिया है. तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह की पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी समेत तीन विधायकों का जिक्र करते हुए कहा कि इन लोगों ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी. उन्होंने कहा कि उस समय ही तीनों को चेताया गया था, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी.
तेजस्वी यादव ने कहा कि जब बिहार में विश्वास मत चल रहा था, उस समय आरजेडी के तीन विधायक पार्टी से अलग रुख में नजर आए थे. इनमें अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी, प्रहलाद यादव और आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद शामिल थे. तेजस्वी यादव ने कहा कि इन तीनों विधायकों ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी. उन्होंने दावा किया कि आरजेडी ने उसी समय तीनों नेताओं को चेतावनी दी थी. अब अनंत सिंह प्रकरण के बीच तेजस्वी यादव ने कहा कि आज देखिए इन तीनों लोगों का क्या हाल है.
‘हमने उसी समय भविष्यवाणी कर दी थी’
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को लेकर किए गए अपने पुराने दावे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उस समय ही उन्होंने भविष्यवाणी कर दी थी कि नीतीश कुमार पांच साल तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे. तेजस्वी ने कहा, “हमने उसी समय भविष्यवाणी कर दी थी कि 5 साल नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे और वही हुआ.” उन्होंने दावा किया कि उस वक्त आरजेडी की ओर से कही गई कई बातें अब सच साबित हो रही हैं.
अनंत सिंह पर क्या बोले तेजस्वी?
अनंत सिंह को जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने और उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म कराने की चल रही कवायद को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि अनंत सिंह के साथ जो होना है, वह हो रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी तरफ से अनंत सिंह को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं है. तेजस्वी यादव के इस बयान को अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी के पुराने राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है. खास तौर पर 2024 के विश्वास मत के दौरान आरजेडी से अलग रुख अपनाने वाले तीन विधायकों का जिक्र कर तेजस्वी ने मौजूदा घटनाक्रम पर राजनीतिक निशाना साधा है.