AI से सेमीकंडक्टर तक… दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज, 27 अक्टूबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

AI से सेमीकंडक्टर तक… दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज, 27 अक्टूबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन


होमताजा खबरदेश

दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज, 27 अक्टूबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

Last Updated:

दिल्ली में 27 अक्टूबर से ईएसटीआईसी 2026 सम्मेलन शुरू होने जा रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे. तीन नोबेल पुरस्कार विजेताओं समेत देश-दुनिया के बड़े वैज्ञानिक इसमें शामिल होंगे. एआई, सेमीकंडक्टर और नई तकनीकों पर चर्चा के साथ यहां स्टार्टअप के आविष्कार भी देखने को मिलेंगे.

Zoom

पीएम मोदी करेंगे ईएसटीआईसी 2026 का उद्घाटन

नई दिल्ली: क्या आपने कभी सोचा है कि आने वाले समय में विज्ञान और टेक्नोलॉजी हमारी जिंदगी को कितना बदल सकते हैं? इसी सवाल के जवाब तलाशने के लिए देश-दुनिया के बड़े वैज्ञानिक, तीन नोबेल पुरस्कार विजेता और टेक्नोलॉजी के जानकार दिल्ली में जुटने वाले हैं. 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले ईएसटीआईसी 2026 सम्मेलन में एआई से लेकर सेमीकंडक्टर और नई स्वास्थ्य तकनीकों तक, कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. खास बात यह है कि यहां विज्ञान की नई खोजों के साथ भारत के उभरते स्टार्टअप की तकनीक भी देखने को मिलेगी.

एआई से लेकर सेमीकंडक्टर तक

ईएसटीआईसी 2026 में विज्ञान और तकनीक से जुड़े 12 प्रमुख क्षेत्रों पर चर्चा होगी. इनमें उन्नत विनिर्माण, ऊर्जा तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी चीजें शामिल हैं. इन क्षेत्रों में हो रहे नए बदलावों और भविष्य में उनके इस्तेमाल पर विशेषज्ञ अपनी राय रखेंगे.

तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में कई सत्र, पैनल चर्चा और विशेषज्ञों की प्रस्तुतियां होंगी. इसके अलावा, नई तकनीकों पर काम करने वाले स्टार्टअप को भी अपनी खोज और काम दिखाने का मौका मिलेगा.

तीन नोबेल पुरस्कार विजेता भी होंगे शामिल

इस सम्मेलन में तीन नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक भी हिस्सा लेंगे. इनमें प्रोफेसर जोआखिम फ्रैंक, सर रिचर्ड जे. रॉबर्ट्स और प्रोफेसर कोस्त्या नोवोसेलोव शामिल हैं. इन वैज्ञानिकों की मौजूदगी से सम्मेलन में विज्ञान से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा को और मजबूती मिलेगी.

आम लोग भी देख सकेंगे नई तकनीकें

सम्मेलन में भारत के स्टार्टअप और डीप-टेक कंपनियों की तकनीकों को दिखाने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसमें नई तकनीकों और आविष्कारों को करीब से देखने का मौका मिलेगा. यह प्रदर्शनी सम्मेलन के दूसरे दिन से आम जनता के लिए भी खुली रहेगी.

इस सम्मेलन का आयोजन वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय के मार्गदर्शन में कर रही है. इसका लक्ष्य भारत के विज्ञान और तकनीक क्षेत्र को मजबूत करना और 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाना है.



Source link