Last Updated:
अमित साध और ईशा देओल की अपकमिंग क्राइम ड्रामा फिल्म ‘प्रताप’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में अमित साध एक ऐसे पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे, जो जिंदगीभर अपराधियों को जेल पहुंचाता रहा, लेकिन एक दिन खुद सलाखों के पीछे पहुंच जाता है. आखिर एक कानून के रखवाले के साथ ऐसा क्या होता है कि उसे खुद कैदी बनना पड़ता है, यही फिल्म की कहानी को दिलचस्प बनाता है.
अमित साध फिर जीतेंगे फैंस का दिल
नई दिल्ली. अभिनेता अमित साध और ईशा देओल की आने वाली क्राइम ड्रामा फिल्म ‘प्रताप’ का ट्रेलर सोमवार को रिलीज कर दिया गया. फिल्म की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने अपनी जिंदगी का बड़ा हिस्सा अपराधियों को जेल पहुंचाने में बिताया, लेकिन एक दिन खुद ही सलाखों के पीछे पहुंच जाता है.
फिल्म में अमित साध प्रताप नाम के पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रहे हैं. ट्रेलर में दिखाया गया है कि आखिर किन हालात में कानून की रक्षा करने वाला एक पुलिसवाला खुद जेल पहुंच जाता है. कहानी में उसके अतीत और वर्तमान के बीच का संघर्ष देखने को मिलेगा. फिल्म का ट्रेलर कई सवाल खड़े करता है और दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है.
अमित साध का रोल जीतेगा दिल
‘प्रताप’ में अमित साध और ईशा देओल के अलावा सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.फिल्म को लेकर अमित साध ने कहा कि ‘प्रताप’ आम पुलिस फिल्मों से अलग है. उन्हें इस कहानी की सबसे खास बात यह लगी कि एक ऐसा व्यक्ति, जिसने पूरी जिंदगी कानून लागू करवाने में लगा दी, उसे खुद कानून के दूसरी तरफ खड़ा होना पड़ता है. उनके मुताबिक, इस किरदार में कई तरह की भावनाएं और उलझनें हैं, जिसने इसे निभाना उनके लिए दिलचस्प बना दिया. उन्होंने कहा कि ट्रेलर में कहानी की सिर्फ एक झलक दिखाई गई है, जबकि फिल्म में आगे कई और परतें खुलेंगी.
ईशा देओल भी अलग अवतार में आएंगी नजर
वहीं, ईशा देओल ने बताया कि उन्हें फिल्म की कहानी इसलिए पसंद आई, क्योंकि यह ऊपर से जितनी सीधी लगती है, असल में उतनी है नहीं. कहानी आगे बढ़ने के साथ किरदारों और उनके हालात को देखने का नजरिया भी बदलता है. उन्होंने अमित साध और निर्देशक सचिन सराफ के साथ काम करने के अनुभव को शानदार बताया. साथ ही उम्मीद जताई कि दर्शकों को फिल्म की कहानी पसंद आएगी. फिल्म के लेखक और निर्देशक सचिन सराफ ने कहा कि वह ऐसी कहानी दिखाना चाहते थे, जिसमें एक इंसान की जिंदगी अचानक ऐसे मोड़ पर पहुंच जाती है, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की होती. उनके मुताबिक, फिल्म में इंसान के फैसलों, उनके नतीजों और सही-गलत के बीच की बारीक लकीर को दिखाने की कोशिश की गई है. कहानी को वास्तविकता के करीब रखते हुए इसमें एक्शन और भावनाओं का भी ध्यान रखा गया है.
बता दें कि ‘प्रताप’ को प्रदीप रंगवानी ने प्रोड्यूस किया है, जबकि UV Films इसे पेश कर रही है. फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी सचिन सराफ ने संभाली है. यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.