तुम्हारा काम ये है अब्दुल… अखिलेश के गढ़ में ओवैसी की ललकार, मुसलमानों की छिनती सांसदी सीटों पर हमला

तुम्हारा काम ये है अब्दुल… अखिलेश के गढ़ में ओवैसी की ललकार, मुसलमानों की छिनती सांसदी सीटों पर हमला


Last Updated:

असदुद्दीन ओवैसी ने सूबे में कम होते मुसलमानों के प्रतिनिधियों को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला है. ओवैसी ने साफ-साफ कहा कि जो सीट मुसलमानों की थी, उसे छीनकर परिवार को सौंप दिया गया. इस दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कई सीटों का उदाहरण दिया.

Zoom

असदुद्दीन ओवैसी ने अखिलेश यादव के परिवारवाद पर बोला हमला.

शामलीः उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तस्वीर अभी से अलग दिखने लगी है. क्योंकि कभी खुद को मुसलमानों की हिमायती बताने वाली समाजवादी पार्टी एआईएमआईएम मुखिया असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री से मुश्किलों में फंस गई है. अब प्रदेश के मुसलमानों को राजनीति में मौके देने को लेकर सपा पर चौतरफा हमला हो रहा है. इसी कड़ी में शामली में असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के परिवारवाद पर जबरदस्त हमला बोला और मुसलमानों की सीट छीनकर परिवार को देने का आरोप लगाया है.

ओवैसी ने सपा के परिवारवाद पर बोला हमला
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “बदायूं के संसद की पार्लियामेंटरी सीट से कभी मुसलमान सांसद बनता था. लेकिन अब वहां पर अखिलेश के भाई एमपी बन गए. एक जमाना था फिरोजाबाद से मुसलमान एमपी बनता था. लेकिन अब वहां से अखिलेश के परिवार के लोग एमपी बन गए. तो अखिलेश और उनका यादव परिवार ये कह रहा है कि जितने हमारे परिवार में बच्चे-बच्चियां पैदा होंगे, तुम्हारा काम ये है अब्दुल कि हमारे को तुम्हारी सालगिरह पर तुम केक नहीं काटना.अपनी सांसद और विधायक की सीट हमारे परिवार के बच्चे और बच्चियों को गिफ्ट में दे देना. तोहफे में लाकर दे देना. मेरे अजीज दोस्तों और बुजुर्गों ये हाल करके रख दिया गया है. और हर बार चुनाव आता है तो यही कहती है कि भईया पर जवानी कुर्बान करो. बताओ तुम कितनी जवानी कुर्बान करोगे.’

बीजेपी को हराने के लिए विपक्ष से गठबंधन के लिए ओवैसी तैयार
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में आने से रोकने के साझा उद्देश्य के लिए अन्य विपक्षी दलों के साथ हाथ मिलाने को तैयार है. ओवैसी ने शामली जिले के कैराना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी भाजपा की सरकार बनने से रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि वह योगी आदित्यनाथ को तीसरी बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनते नहीं देखना चाहते. एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि अगर अन्य विपक्षी दलों का भी भाजपा को सत्ता से बाहर रखने का यही उद्देश्य है, तो उनकी पार्टी उनके साथ सहयोग करने को तैयार है.

ओवैसी ने लगाए कई गंभीर आरोप
ओवैसी ने विपक्षी दलों पर अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठाने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के शासनकाल में मस्जिदों को गिराए जाने और कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ की घटनाएं जारी हैं, लेकिन विपक्षी दल इन मुद्दों पर आवाज नहीं उठा रहे हैं. हैदराबाद से सांसद ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की प्राथमिकता केवल अपने मतदाताओं तक सीमित रह गई है और वे अल्पसंख्यकों तथा अन्य वंचित वर्गों की समस्याओं को उठाने में विफल रहे हैं.



Source link