Uttarakhand Aaj Ka Mausam 26 October: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे करवट लेने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 26 अक्टूबर से लेकर 28 अक्टूबर तक प्रदेश भर के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ बना रहेगा. मैदानी इलाकों से लेकर पर्वतीय घाटियों तक चटख धूप खिली रहेगी, जिससे दिन के तापमान में हल्की राहत महसूस होगी. हालांकि, सुबह और शाम के वक्त गुलाबी ठंड ने अपनी धमक दिखा दी है.
कुमाऊं और गढ़वाल के इन जिलों में होगी बारिश-बर्फबारी
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 29 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और चम्पावत में हल्की बारिश व 3500 मीटर से ऊपर बर्फबारी हो सकती है. कुमाऊं क्षेत्र के जनपदों में 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है. 30 अक्टूबर को गढ़वाल के पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा व 3300 मीटर से ऊपर बर्फबारी जारी रहेगी, जबकि शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा.
देहरादून-हरिद्वार समेत इन जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी शहरों में 28 अक्टूबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, लेकिन रात के पारे में गिरावट से ठिठुरन बढ़ेगी. नैनीताल और मसूरी की वादियों में शाम ढलते ही सर्द हवाएं चलने लगी हैं. 31 अक्टूबर को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और नैनीताल के ऊंचे हिस्सों (3300 मीटर व ऊपर) में हल्की बारिश व हिमपात की संभावना बनी रहेगी.
यमुनोत्री धाम में बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन
यमुनोत्री धाम और इसके आसपास की ऊंची चोटियों पर पहले ही हुई बर्फबारी के चलते क्षेत्र में ठिठुरन काफी बढ़ गई है. पहाड़ों के बीच गिरते बर्फ के फाहों ने समूचे यमुनोत्री क्षेत्र को आकर्षक प्राकृतिक छटा से भर दिया है, जिससे तीर्थयात्रियों को अलौकिक दृश्य देखने को मिल रहे हैं.