Last Updated:
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जबलपुर हाईकोर्ट ने पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है. जस्टिस एके निरंकारी की अदालत में सुबह 10 बजे से शाम साढ़े 4 बजे तक करीब 6 घंटे सुनवाई चली. ट्विशा के वकील ने बताया कि आज के दिन ही ट्विशा का बर्थडे मनाया जाता था.
आरोपी गिरिबाला सिंह की जमानत पर हाईकोर्ट में सुनवाई.
Jabalpur News: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जबलपुर हाईकोर्ट में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई. यह सुनवाई ट्विशा की सास और आरोपी पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की जमानत याचिका को लेकर हुई थी. सीबीआई, गिरिबाला सिंह और ट्विशा शर्मा की ओर से तीनों पक्षों ने बहस की. जस्टिस एके निरंकारी ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया है.
6 घंटे तक चली मैराथन सुनवाई
अदालत में यह सुनवाई सुबह 10 बजे शुरू हुई और शाम साढ़े 4 बजे तक जारी रही. करीब 6 घंटे चली इस सुनवाई में सीबीआई, बचाव पक्ष और फरियादी पक्ष (ऑब्जेक्टर) ने अपना-अपना पक्ष रखा. पूरी बहस चार्जशीट में दर्ज दस्तावेजों, बयानों और साक्ष्यों के आधार पर हुई.
गिरिबाला सिंह के वकील का तर्क
बचाव पक्ष के वकील ने कोर्ट में तर्क दिया कि ट्विशा की मौत में गिरिबाला सिंह की कोई भूमिका नहीं है. उनके खिलाफ अब तक कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह सिद्ध हो की उनका ट्विशा की मौत में कोई हाथ है. वहीं, वकील ने यहां तक कहा कि अगर गिरिबाला सिंह को भागना होता तो वे पहले ही भाग जातीं.
समर सिंह का सीधा कनेक्शन
इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट बदलवाने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ के आरोपों को भी निराधार बताया गया. घटना स्थल पर मौजूद सीसीटीवी के बारे में बताया गया कि उसका पासवर्ड एक्सेस सभी के पास था. बचाव पक्ष का मुख्य तर्क था कि इसमें गिरिबाला सिंह का हाथ नहीं है, बल्कि जो भी बात है वह समर सिंह से जुड़ी है. इसी आधार पर वकील ने कोर्ट से गिरिबाला सिंह की जमानत मंजूर करने की फरियाद की.
ट्विशा के वकील ने किया विरोध
वहीं, ट्विशा शर्मा के वकील ने जमानत याचिका का कड़ा विरोध किया. उन्होंने कोर्ट को बताया कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं है, बल्कि दोनों आरोपियों गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर सिंह की आपस में साठगांठ थी. मीडिया के पूछने पर कि क्या समर सिंह ड्रग एडिक्ट है? ट्विशा के वकील ने कहा, चार्जशीट, और व्हाट्सएप चैट में ये बात दर्ज है. उन्होंने कहा कि कोर्ट में दर्ज बयानों और सीसीटीवी फुटेज पर भी विस्तार से चर्चा हुई है.
जन्मदिन पर न्याय की उम्मीद
सुनवाई के दौरान ट्विशा के वकील ने बताया कि आज यानी 26 अक्टूबर को ट्विशा शर्मा का जन्मदिन भी होता था. ऐसे में परिवार को अदालत से न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है. फिलहाल, कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है.