झुंझुनूं. जिले के खेतड़ी कस्बे के बीचोंबीच स्थित पन्नासागर तालाब जल संरक्षण की परंपरागत तकनीक, ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम है. करीब 154 साल पहले निर्मित यह तालाब आज भी अपनी विशिष्ट वास्तुकला और जल प्रबंधन प्रणाली के लिए जाना जाता है. तालाब की सबसे खास पहचान इसकी दीवारों, घाटों और छतरियों के आधार स्तंभों पर स्थापित भगवान विष्णु के विभिन्न स्वरूपों की करीब दो दर्जन प्राचीन प्रतिमाएं हैं. बताया जाता है कि ये प्रतिमाएं लगभग 500 साल पहले खुदाई के दौरान मिली थी.
इतिहास के अनुसार, खेतड़ी के तत्कालीन शासक राजा अजीत सिंह के शासनकाल में सेठ पन्नालाल शाह की पहल पर वर्ष 1871 में इस तालाब का निर्माण कराया गया था. उस दौर में वर्षा जल को सहेजने और उसका बेहतर उपयोग करने के उद्देश्य से तैयार की गई यह संरचना आज भी पारंपरिक जल प्रबंधन की उपयोगिता को दर्शाती है.
पाटन के पास खुदाई में मिली थी प्रतिमाएं
पन्नासागर तालाब पर स्थापित भगवान विष्णु की विभिन्न स्वरूपों वाली प्रतिमाओं को लेकर मान्यता है कि ये पाटन गांव के पास खुदाई के दौरान मिली थी. खुदाई के समय इन प्रतिमाओं को पहाड़ी पर स्थित भोपालगढ़ में रखा गया था. बाद में पन्नासागर तालाब के निर्माण के दौरान राजा अजीत सिंह के निर्देश पर इन प्रतिमाओं को तालाब की दीवारों, घाटों और छतरियों के आधार स्तंभों पर स्थापित करवाया गया. इन प्रतिमाओं के कारण तालाब का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व और भी बढ़ जाता है. प्राचीन शिल्पकला से सजी यह संरचना उस समय की कला, संस्कृति और स्थापत्य परंपरा की झलक प्रस्तुत करती है.
महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग घाट
तालाब की बनावट भी अपने आप में खास है, इसके चारों ओर ऊंची दीवारें बनाई गई हैं और महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग घाट बनाए गए थे. यह व्यवस्था उस समय की सामाजिक परंपराओं और निर्माण संबंधी सोच को दर्शाती है. तालाब के पिलरों, दीवारों और अन्य हिस्सों पर की गई कलात्मक सजावट इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती है.
वर्षा जल संरक्षण की अनूठी व्यवस्था
पन्नासागर तालाब केवल ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि यह वर्षा जल संरक्षण का भी उल्लेखनीय उदाहरण है. तालाब में बारिश के पानी को एकत्रित किया जाता था, इसकी भराव क्षमता से अधिक पानी आने पर उसे नहर के माध्यम से आसपास के कुओं तक पहुंचाने की व्यवस्था थी. इससे कुओं में पानी पहुंचने के साथ भूजल स्तर को बनाए रखने में भी मदद मिलती थी. तालाब से आसपास के कुओं के रिचार्ज होने की व्यवस्था बताती है कि पुराने समय में जल संरक्षण को लेकर कितनी दूरदर्शिता के साथ निर्माण कार्य किए जाते थे. वर्षा के पानी को सहेजना, अतिरिक्त पानी का उपयोग करना और भूजल स्तर को बेहतर बनाए रखना इस व्यवस्था के प्रमुख उद्देश्य रहे होंगे.
इतिहास और जल संरक्षण की अनमोल धरोहर
आज जब जल संकट और गिरते भूजल स्तर की समस्या गंभीर होती जा रही है, तब पन्नासागर तालाब जैसी ऐतिहासिक संरचनाएं पारंपरिक जल प्रबंधन के महत्व की याद दिलाती हैं. यह तालाब खेतड़ी की ऐतिहासिक पहचान होने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा है. प्राचीन विष्णु प्रतिमाओं, विशिष्ट वास्तुकला और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था से समृद्ध पन्नासागर तालाब क्षेत्र की ऐसी धरोहर है, जिसमें इतिहास, आस्था और प्रकृति के संरक्षण की कहानी एक साथ दिखाई देती है.