Last Updated:
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 139वें एपिसोड में बिहार के पूर्णिया के मखाना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल के तहत पूर्णिया का मखाना अब ग्रीस तक जा रहा है. PM के इस संबोधन के बाद पूर्णिया के किसानों और कारोबारियों में काफी खुशी है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने मन की बात में पूर्णिया के मखाना का जिक्र किया.
पूर्णिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (25 अक्टूबर) को अपने मन की बात कार्यक्रम में पूर्णिया के मखाना का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल की पहल के तहत पूर्णिया का मखाना ग्रीस तक पहुंच रहा है. प्रधानमंत्री के इस संबोधन से पूर्णिया के मखाना कारोबारियों और किसानों में खुशी है. स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि बिहार के मखाना की पहचान अब देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है. बता दें कि पूर्णिया की फार्मले कंपनी का अचारी मखाना पिछले दिनों ब्रिक्स सम्मेलन में विदेशी मेहमानों और मीडिया कर्मियों को उपहार के तौर पर दिया गया था. इससे स्थानीय उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्राय: अपने संबोधनों में बिहार के मखाना का जिक्र करते रहे हैं. मिथिला मखाना को जीआई टैग मिलने के बाद इसकी पहचान और मजबूत हुई है. प्रधानमंत्री के मन की बात में पूर्णिया के मखाना का उल्लेख किए जाने से यहां के कारोबारियों और किसानों में उत्साह है. अब प्रधानमंत्री के मन की बात में पूर्णिया के मखाना का जिक्र होने से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बिहार के इस उत्पाद की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग और बढ़ेगी.
कई देशों में पहुंच रहा पूर्णिया का मखाना
फार्मले कंपनी के प्लांट हेड रवि कुमार ने बताया कि पूर्णिया का मखाना अब अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, सऊदी अरब और दुबई समेत कई देशों में भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि विदेशों में बिहार के मखाना की मांग बढ़ रही है. रवि कुमार के मुताबिक, प्रधानमंत्री की पहल और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील से मखाना कारोबार को नई पहचान मिली है. प्रधानमंत्री के संबोधन से कारोबारियों और किसानों में खुशी है. लोगों ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया है.
किसानों और कारोबारियों में खुशी
पीएम के मन की बात में जिक्र होने के बाद पूर्णिया के व्यवसायी और किसानों ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है. लोगों का कहना है कि प्रधानमंत्री की पहल से मखाना को जो पहचान मिली है, उससे किसानों की आय बढ़ी है और रोजगार के नए मौके भी बने हैं. बता दें कि पूर्णिया और आसपास के इलाकों में मखाना की खेती और कारोबार से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं. ऐसे में मखाना का विदेशों तक पहुंचना स्थानीय किसानों और कारोबारियों के लिए भी उम्मीद बढ़ाने वाला है.