कच्चे आम की पंजाबी लौंजी, एक बार चख लिया तो बार-बार खाने का करेगा मन, जानें आसान रेसिपी

कच्चे आम की पंजाबी लौंजी, एक बार चख लिया तो बार-बार खाने का करेगा मन, जानें आसान रेसिपी


गर्मियों में कच्चे आम से बनी चीजों का स्वाद ही अलग होता है. आम का अचार और चटनी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या कभी पंजाबी लौंजी ट्राई की है? कच्चे आम से बनने वाली यह पारंपरिक डिश खट्टी, मीठी और हल्की तीखी होती है. इसमें सौंफ, कलौंजी और दूसरे मसालों का स्वाद इसे खास बनाता है. पंजाबी लौंजी को रोटी, पराठे या पूरी के साथ परोसा जा सकता है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो बहुत ज्यादा सामग्री चाहिए और न ही घंटों रसोई में खड़े रहने की जरूरत है.

कच्चे आम की पंजाबी लौंजी बनाने के लिए सामग्री

2 मध्यम आकार के कच्चे आम
3-4 बड़े चम्मच चीनी या स्वादानुसार गुड़
1 छोटा चम्मच सौंफ
आधा छोटा चम्मच कलौंजी
आधा छोटा चम्मच जीरा
एक चुटकी हींग
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
नमक स्वादानुसार
2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी

पंजाबी लौंजी बनाने की आसान विधि

1. सबसे पहले आम काट लें: कच्चे आम को अच्छी तरह धोकर छील लें. अब इन्हें लंबाई में पतले टुकड़ों में काट लें. आप चाहें तो आम को छोटे-छोटे टुकड़ों में भी काट सकती हैं. ध्यान रखें कि आम कच्चे और खट्टे हों, क्योंकि इसी से लौंजी को खास स्वाद मिलता है.

2. मसालों का तड़का तैयार करें: एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर आंच धीमी कर दें और इसमें जीरा, सौंफ और कलौंजी डालें. मसालों से खुशबू आने लगे, तो हींग डालकर कुछ सेकंड तक चलाएं. ध्यान रखें कि मसाले जलने न पाएं.

3. आम और मसाले मिलाएं: अब कड़ाही में कटे हुए आम डालें. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और नमक मिलाकर अच्छी तरह चलाएं, ताकि मसाले आम पर अच्छी तरह लग जाएं. अब थोड़ा पानी डालकर कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में आम को चलाते रहें.

4. डालें मीठा स्वाद: जब आम के टुकड़े हल्के नरम होने लगें, तो इसमें चीनी या गुड़ डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और धीमी आंच पर पकने दें. चीनी या गुड़ घुलने के बाद मिश्रण में हल्की चाशनी जैसी ग्रेवी बनने लगेगी. अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा हो जाए, तो थोड़ा पानी मिला सकती हैं. आम को इतना पकाएं कि वे नरम हो जाएं, लेकिन पूरी तरह गलकर टूटें नहीं.

5. तैयार है कच्चे आम की लौंजी: जब आम नरम हो जाएं और मसाले अच्छी तरह मिल जाएं, तो गैस बंद कर दें. आपकी खट्टी-मीठी पंजाबी लौंजी तैयार है. इसे रोटी, पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ परोस सकती हैं.

लौंजी का स्वाद बढ़ाने के टिप्स

पंजाबी लौंजी का असली स्वाद खट्टे, मीठे और मसालेदार फ्लेवर के संतुलन में है. अगर आम बहुत खट्टे हैं, तो थोड़ा और गुड़ या चीनी मिला सकती हैं. वहीं, तीखा पसंद करने वाले लोग लाल मिर्च की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार बढ़ा सकते हैं. सौंफ और कलौंजी इस रेसिपी को खास खुशबू देते हैं, इसलिए इन्हें जरूर इस्तेमाल करें.



Source link