Last Updated:
नसीरुद्दीन शाह द्वारा बीजेपी को झूठी पार्टी कहे जाने पर गजेंद्र चौहान ने नाराजगी जताई है. चौहान ने कहा कि नसीर को 140 करोड़ जनता द्वारा चुनी गई सरकार का अपमान करने पर शर्म आनी चाहिए. उन्होंने नसीर साहब पर क्या कहा, जानिए.
(तस्वीर साभार- आईएमडीबी)
सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने सतारुढ़ बीजेपी को झूठी पार्टी कहते हुए जमकर आलोचना की थी. अब इस पर ‘महाभारत’ में युधिष्ठिर का किरदार निभाने वाले गजेंद्र चौहान का रिएक्शन आया है. उन्होंने नसीर साहब को जमकर सुनाया और कहा कि वह एकतरफा बातें करना बंद करें.
नसीरुद्दीन शाह के बीजेपी को ‘ब्लडी झूठी पार्टी’ कहने पर गजेंद्र चौहान ने गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए. जिस पार्टी को 140 करोड़ लोगों ने वोट देकर सत्ता पर बैठाया है आप उन्हें गालियां कैसे दे सकते हैं.
नसीरुद्दीन शाह पर क्या बोले गजेंद्र चौहान
न्यूज एजेंसी ‘IANS’ से बातचीत में गजेंद्र चौहान ने नसीरुद्दीन शाह के बयान पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में नसीरुद्दीन शाह का कद कोई नकार नहीं सकता. सभी की विचारधारा अलग हो सकती है. मगर वह हमेशा एक तरफ के पक्ष की बात करते हैं.
छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया
गजेंद्र चौहान ने सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि संस्थान छात्रों की चिंताएं दूर करने में सक्षम है. उन्होंने ये भी माना कि छात्रों को विरोध करने का अधिकार है, लेकिन कहा कि बिना बातचीत के सिर्फ विरोध करते रहने से किसी भी समस्या का हल नहीं निकलता है.
नसीरुद्दीन शाह ने क्या कहा था
शनिवार को नसीरुद्दीन शाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया था. जिसमें उन्होंने छात्र आंदोलन पर बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर गुस्सा जाहिर किया था. उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार की विचारधारा से सहमत नहीं हैं उन्हें परेशान किया जा रहा है. बीजेपी प्रोपेगैंडा को बढ़ावा देती है और ब्रेनवॉश करती है.