Khargone: सीमांकन करने गई राजस्व टीम पर 30-40 लोगों ने किया हमला, RI का पैर फ्रैक्चर, पटवारी का सिर फूटा

Khargone: सीमांकन करने गई राजस्व टीम पर 30-40 लोगों ने किया हमला, RI का पैर फ्रैक्चर, पटवारी का सिर फूटा


Last Updated:

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र स्थित भकलाय गांव में जमीन का सीमांकन करने गई राजस्व टीम पर 30-40 लोगों की भीड़ ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में आरआई का पैर फ्रैक्चर हो गया और पटवारी के सिर में गंभीर चोट आई है. दोनों को इंदौर रेफर किया गया है.

Zoom

पिटाई से घायल आरआई और पटवारी.

Khargone News: खरगोन में मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के भकलाय गांव में जमीन का सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम पर जानलेवा हमला हुआ है. घटना 24 अक्टूबर दोपहर लगभग 2 से 2:30 बजे के बीच हुई. राजस्व टीम गांव में रूटीन सीमांकन कार्य के लिए गई हुई थी. हालांकि, सीमांकन का काम पूरा नहीं हो सका था. टीम जब वापस लौट रही थी, तभी विरोधी पक्ष के ग्रामीणों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया.

30-40 लोगों की भीड़ ने किया हमला
मौके पर करीब 30 से 40 लोगों की भीड़ जमा हो गई. इनमें से लगभग 20 लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से अधिकारियों पर खूनी हमला कर दिया. इस अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

अधिकारी गंभीर रूप से घायल
हमले में राजस्व निरीक्षक अभिषेक जमरा और पटवारी राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. आरआई अभिषेक जमरा का पैर और हाथ फ्रैक्चर हो गया है. वे खरगोन जिला आरआई संघ के अध्यक्ष भी हैं. वहीं, पटवारी राजा कुमार के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं.

प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. दोनों घायलों को तुरंत मंडलेश्वर के अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर कर दिया.

कर्मचारियों में भारी आक्रोश
घटना के बाद राजस्व कर्मचारियों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है. कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई. उन्होंने एसडीएम पूर्वा मंडलोई और एसडीओपी श्वेता शुक्ला को ज्ञापन सौंपा. कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे काम बंद रखेंगे.

पुलिस ने एफआईआर दर्ज की
एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने 4 नामजद सहित 20 आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और बलवा की धाराओं में केस दर्ज किया है. वहीं एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि सीमांकन करने की पूर्व सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.



Source link