इंडिगो की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला मैसेज
Last Updated:
कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. थाईलैंड के फुकेट से पहुंचे इस विमान के टॉयलेट में लगे शीशे पर लिपस्टिक से एक संदेश लिखा मिला, जिसमें प्लेन के अंदर बम रखे होने का दावा किया गया था. केबिन क्रू ने यह संदेश देखते ही सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी. इसके बाद CISF ने विमान की तलाशी शुरू कर दी.
इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया.
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्रबोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. यह विमान थाईलैंड के फुकेट से कोलकाता पहुंचा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के अंदर टॉयलेट के शीशे पर लिपस्टिक से एक संदेश लिखा मिला, जिसमें विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी.
बताया जा रहा है कि विमान के केबिन क्रू की नजर टॉयलेट के शीशे पर लिखे इस संदेश पर पड़ी. इसके बाद मामले की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को दी गई. धमकी की सूचना मिलते ही विमान की जांच शुरू कर दी गई.
इसके बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने विमान की गहन तलाशी ली, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विमान में कोई विस्फोटक उपकरण मौजूद है या नहीं. इसके साथ ही जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि धमकी भरा संदेश किसने लिखा. फिलहाल, शुरुआती जानकारी के आधार पर विमान में बम होने की पुष्टि नहीं हुई है. सुरक्षा जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
कल भी इंडिगो की फ्लाइट को मिली थी धमकी
इससे पहले शुक्रवार को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को धमकी भरा मैसेज मिला था, जिसके बाद चेन्नई जाने वाले इस प्लेन को दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस बे (bay) में लाना पड़ा और फिर विमान ने उड़ान नहीं भरी.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, दिल्ली-चेन्नई फ्लाइट 6E 6091 के दोपहर करीब 3:15 बजे रवाना होने का शेड्यूल था. पीटीआई की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) को इस फ्लाइट के लिए एक धमकी भरे संदेश के बारे में कॉल मिली थी. उन्होंने बताया कि विमान के एक शौचालय में एक संदेश मिला, जिस पर लिखा था- ‘6E 6091 को न उड़ाएं’.
इस दौरान विमान अपनी जगह से पीछे हट चुका था (पुश-बैक हो चुका था) और उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था. संदेश मिलने के बाद, विमान को ‘आइसोलेशन बे’ में ले जाने का फैसला किया गया, ताकि सुरक्षा जांच की जा सके. विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी अभी तुरंत नहीं मिल पाई है.