10वीं में शुरू किया बिजनेस, आज 75 लाख रुपये तक पहुंचा सालाना टर्नओवर
Last Updated:
Shimla Boy Started Business In Class 10th: शिमला के निक्षय चौहान ने 12वीं कक्षा में Chetla Hills ब्रांड की शुरुआत की थी. आज वह इसके जरिए पहाड़ी उत्पाद बेचते हैं, जिससे उनका सालाना टर्नओवर 75 लाख रुपये है. उनकी कहानी बताती है कि जज्बा हो तो कम उम्र में भी बिजनेस किया जा सकता है और सफलता भी पायी जा सकती है.
दिल्ली. शिमला के एक छोटे से गांव से निकलकर अपने बिजनेस को नई पहचान देने वाले निक्षय चौहान की कहानी उन युवाओं के लिए खास है, जो कम उम्र में अपना काम शुरू करने का सपना देखते हैं. निक्षय ने महज 10वीं क्लास में अपने बिजनेस की शुरुआत की थी. आज वह Chetla Hills ब्रांड के जरिए पहाड़ी उत्पादों को बाजार तक पहुंचा रहे हैं. निक्षय के मुताबिक, उनके इस ब्रांड का सालाना टर्नओवर करीब 75 लाख रुपये है.
गांव के नाम से शुरू किया ब्रांड
निक्षय हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई इलाके से आते हैं. पहाड़ों से अपने जुड़ाव को बिजनेस के साथ जोड़ने के लिए उन्होंने अपने गांव की पहचान को ब्रांड का नाम दिया और Chetla Hills की शुरुआत की. उनका मकसद सिर्फ प्रोडक्ट्स बेचना नहीं, बल्कि पहाड़ों में मिलने वाले स्थानीय उत्पादों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना भी है. Chetla Hills के तहत जैम, चटनी, जूस, मिलेट्स, चुल्ली का तेल, ड्राई फ्रूट्स, सी-बकथॉर्न और पहाड़ी गाय का घी जैसे प्रोडक्ट्स पर काम किया जाता है. निक्षय बताते हैं कि कुछ उत्पादों की सोर्सिंग की जाती है, जबकि हिमाचल में उनकी अपनी फैक्ट्री भी है.
10वीं में शुरू हुआ सफर
निक्षय के लिए बिजनेस शुरू करना आसान नहीं था, लेकिन पढ़ाई के दौरान ही उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने का मौका मिला. वह बताते हैं कि शिमला के सेंट्रल स्कूल में पढ़ाई के दौरान उनके टीचर्स ने उनका काफी साथ दिया. टीचर्स ने न केवल उनसे प्रोडक्ट्स खरीदे, बल्कि ऑर्डर देकर भी उनका हौसला बढ़ाया. उनके परिवार और गांव के लोगों ने भी इस सफर में उनका साथ दिया.
निक्षय मानते हैं कि छोटे शहरों और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले युवाओं के लिए अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलना जरूरी है. वह बताते हैं कि पहली बार दिल्ली आने पर उनके मन में कई सवाल थे, लेकिन यहां नए लोगों से मिलने, उनके सुझाव सुनने और अपने प्रोडक्ट्स को बाजार तक पहुंचाने का अनुभव उनके लिए काफी अच्छा रहा.
युवाओं को दी ये सलाह
निक्षय का मानना है कि बिजनेस शुरू करने से पहले उसकी बुनियाद मजबूत करना जरूरी है. युवाओं को फर्म रजिस्ट्रेशन, ITR और बैंकिंग से जुड़े जरूरी दस्तावेज तैयार रखने चाहिए. इसके साथ ही सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी लेनी चाहिए और पात्रता के मुताबिक उनका फायदा उठाना चाहिए. उनका कहना है कि बैंक और दूसरी वित्तीय संस्थाओं से बिजनेस के लिए मदद लेने में जरूरी दस्तावेज काम आते हैं. वहीं, युवाओं को अपने परिवार के भरोसे की कद्र करते हुए जिम्मेदारी से आगे बढ़ना चाहिए.