बंगाल में खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आहट, तेज बारिश को लेकर IMD का रेड अलर्ट
Last Updated:
IMD Weather Today: समंदर से एक बार फिर से तबाही वाली आहट आने लगी है. इसे देखते भारतीय मौसम विभाग ने तटवर्ती जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर के डीप डिप्रेशन और फिर उसके बाद चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद ओडिशा से लेकर आंध्र प्रदेश तक में एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं. चक्रवाती तूफान आने पर इसका असर पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी देखा जा सकता है.
IMD ने बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान उठने का पूर्वानुमान जताया है. (फाइल फोटो)
IMD Weather Today: बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर से माहौल बिगड़ रहा है. पिछले महीने मध्यम दर्जे का तूफान आया था. इसके प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश तक में तेज हवा के साथ खूब बारिश हुई थी. अब उसी बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर से तूफान दस्तक देने लगा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के डीप डिप्रेशन में बदलने की पूरी संभावना है. इसके बाद यह चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा. इसे देखते हुए ओडिशा के 20 जिलों में मूसलाधार बारिश और तेज हवा की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इसके प्रभाव से ओडिशा के साथ ही आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 27 और 28 अक्टूबर को अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, यह मौसम प्रणाली 24 अक्टूबर को डिप्रेशन और 25 अक्टूबर को डीप डिप्रेशन में बदल सकती है. इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है. तूफान के उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ने का अनुमान है. इसका असर पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड जैसे राज्यों पर भी पड़ सकता है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. इसके 24 अक्टूबर को डिप्रेशन तथा 25 अक्टूबर को डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है. इसके बाद इसके चक्रवाती तूफान में बदलने का अनुमान है. इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 27 से 29 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. इनमें 27 और 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. ओडिशा में 26 से 29 अक्टूबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. राज्य में 27 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश तथा 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और रायलसीमा में 26 और 27 अक्टूबर को गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में बारिश जारी रहने के आसार
दूसरी तरफ, दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और उससे सटे लक्षद्वीप क्षेत्र में बने निम्न दबाव के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 25 अक्टूबर तक व्यापक बारिश हो सकती है. इसके बाद भी 26 से 29 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24 से 26 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 27 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. यहां 25 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. 26 अक्टूबर को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. लक्षद्वीप में 26 अक्टूबर तक व्यापक बारिश का अनुमान है. यहां 24 अक्टूबर को बहुत भारी तथा 25 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 24 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भी 24 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. तेलंगाना में 27 से 29 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि 28 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आहट को देखते हुए 20 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. (फाइल फोटो)
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बदलेगा मौसम
पूर्वी भारत में अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 29 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. यहां 24 से 27 अक्टूबर के बीच गरज-चमक और बिजली के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में 29 अक्टूबर को बारिश होने का अनुमान है. पश्चिम बंगाल और झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बिहार में 28 और 29 अक्टूबर को गरज-चमक तथा तेज हवाओं का अनुमान है. ओडिशा में 29 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्वोत्तर भारत में असम और मेघालय में 27 से 29 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. यहां 29 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 29 अक्टूबर तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है. इन राज्यों में 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.
मध्य भारत और उत्तर प्रदेश में भी बारिश का पूर्वानुमान
मध्य भारत में भी अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम बदल सकता है. छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है. 29 अक्टूबर को यहां कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली के साथ बारिश हो सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिम भारत में अगले सप्ताह किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है.