झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तूफान का दिखेगा असर, 27 अक्टूबर से बारिश के आसार

झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तूफान का दिखेगा असर, 27 अक्टूबर से बारिश के आसार


Last Updated:

Jharkhand Aaj Ka Mausam: झारखंड में बंगाल की खाड़ी के चक्रवाती तूफान का असर दिखेगा. इसके प्रभाव से 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदल जाएगा. राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

झारखंड वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)

रांची: झारखंड के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव होने जा रहा है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव का क्षेत्र अब एक मजबूत चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इसके असर से झारखंड के मौसम में 27 अक्टूबर से साफ फेरबदल देखने को मिलेगा. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश होने और तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना है. मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद लोगों को आने वाले दिनों में संभलकर रहने की जरूरत है. आइए जानते हैं आज और आने वाले दिनों में झारखंड में मौसम का हाल कैसा रहने वाला है.

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. यह सिस्टम लगातार ताकतवर होता जा रहा है. इसके आज यानी 24 अक्टूबर तक अवदाब और 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदलने की पूरी संभावना है. इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके एक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने का अनुमान लगाया गया है.

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक?
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, यह मौसमी सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ेगा. हालांकि यह सिस्टम सीधे तौर पर झारखंड के ऊपर नहीं है, लेकिन इसके अप्रत्यक्ष प्रभाव से झारखंड के मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा.

27 अक्टूबर से झारखंड में दिखेगा बदलाव
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 24 और कल 25 अक्टूबर को राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह हल्का कुहासा छाया रह सकता है. इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है. इसके बाद 26 अक्टूबर को राज्य के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है.

असली बदलाव 27 अक्टूबर से शुरू होगा. इस दिन झारखंड के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हवा का रुख भी बदल सकता है और कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल सकती हैं.

28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 28 और 29 अक्टूबर को झारखंड के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश हो सकती है. 28 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. वहीं, 29 अक्टूबर को दक्षिणी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है. इन दोनों दिनों में राजधानी रांची में भी घने बादल छाए रहने और बारिश होने के पूरे आसार हैं. इस दौरान राज्य के कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

तापमान में भी दर्ज होगी गिरावट
मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई देगा. रांची में इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है. लेकिन आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा. 26 अक्टूबर को अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री और 27 अक्टूबर तक 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, इस दौरान न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है.



Source link