Last Updated:
Sleeper Vande Bharat train : उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. वाराणसी से नई दिल्ली के बीच जल्द ही स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन का संचालन 31 अक्टूबर से शुरू हो सकता है, जबकि टिकट बुकिंग 27 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है. हालांकि, रेलवे की ओर से तारीखों और टाइमिंग की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
इस ट्रेन के शुरू होने से वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर समेत कई शहरों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिल सकती है. खास बात यह है कि सामान्य वंदे भारत की तरह इसमें बैठकर नहीं, बल्कि एसी स्लीपर कोच में लेटकर सफर करने की सुविधा होगी. स्लीपर वंदे भारत में यात्री सोते हुए यात्रा कर सकेंगे. इससे खासकर रात में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा.
वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत देश की दूसरी ट्रेन होगी. इससे पहले देश की पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन और कोलकाता के हावड़ा स्टेशन के बीच शुरू की गई थी. इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जनवरी 2026 को किया था. नई ट्रेन के शुरू होने से उत्तर प्रदेश में आधुनिक रेल सुविधाओं का विस्तार होगा. यात्रियों को लंबी दूरी के सफर में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी.
जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर को वाराणसी में ट्रेन का शुभारंभ किया जा सकता है. इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं. हालांकि, कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत अभी जारी नहीं की गई है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल 16 एलएचबी एसी कोच होंगे. इनमें एक फर्स्ट एसी, चार सेकेंड एसी और 11 थर्ड एसी कोच शामिल होंगे. ट्रेन में एक बार में करीब 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी. ट्रेन का रखरखाव वाराणसी में किया जाएगा. इसके अलावा रास्ते में प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पानी भरने की व्यवस्था भी होगी.
प्रस्तावित रूट और टाइमिंग के अनुसार, वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 27421 रात 8:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी. यह रात 10:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी और पांच मिनट बाद आगे के लिए रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन रात 12:20 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. यहां से रात 12:45 बजे चलकर सुबह 6:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
वहीं, नई दिल्ली से वाराणसी आने वाली ट्रेन संख्या 27422 रात 9:40 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी. इसके सुबह 4:45 बजे प्रयागराज पहुंचने और 4:50 बजे वहां से चलने का समय निर्धारित बताया गया है. इसके बाद ट्रेन सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी.
वाराणसी-नई दिल्ली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की टिकट बुकिंग 27 अक्टूबर से शुरू होने की जानकारी दी गई है. हालांकि, टिकटों के किराये, रिजर्वेशन और सभी स्टेशनों पर ठहराव से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी रेलवे की ओर से जारी किया जाना बाकी है.