Madhubani Famous Shopping Market: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है. महिलाएं हों या लड़कियां त्योहारों पर नए और ट्रेंडी कपड़े खरीदने का उत्साह हर किसी में देखने को मिल रहा है. अब लड़के भी फैशन और ट्रेंड को फॉलो करते हुए अलग-अलग डिजाइन के कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं. ऐसे में अगर आप मधुबनी में रहते हैं. कम बजट में फेस्टिव शॉपिंग करना चाहते हैं, तो शहर के कुछ प्रमुख कपड़ा बाजार आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकते हैं. मधुबनी शहर में बाटा चौक, महिला कॉलेज रोड, बड़ा बाजार, काली मंदिर रोड और तिलक चौक जैसे बाजार कपड़ों की खरीदारी के लिए चर्चित हैं. इन बाजारों में अलग-अलग बजट में फैंसी और रेडीमेड कपड़ों की वैरायटी मिल जाती है.
1000-1500 रुपये में मिल सकते हैं कई विकल्प
अगर आपका बजट करीब 1000 से 1500 रुपये है. तो पुरुषों के लिए जींस-पैंट और शर्ट, जबकि महिलाओं के लिए कुर्ती, एथनिक वियर और दूसरे रेडीमेड कपड़ों के विकल्प मिल सकते हैं. शहर के कई प्रमुख बाजार जिला मुख्यालय के आसपास ही हैं, ऐसे में कम दूरी में फेस्टिव शॉपिंग पूरी की जा सकती है. मधुबनी में कई बड़े मॉल भी हैं. जहां सस्ते से लेकर महंगे कपड़ों तक के विकल्प उपलब्ध हैं. रेडीमेड बाजारों की खासियत यह है कि यहां ग्राहक दुकानदारों से मोलभाव भी कर सकते हैं. अपनी पसंद के कपड़े तलाश सकते हैं.
काली मंदिर रोड पर मिलते हैं ट्रेंडी कपड़ों के विकल्प
मधुबनी का काली मंदिर रोड फैंसी और नए ट्रेंड के कपड़ों की खरीदारी के लिए चर्चित बाजारों में शामिल है. यहां लड़के और लड़कियों दोनों के लिए कपड़ों के कई विकल्प मिल जाते हैं. कम बजट में फैशनेबल कपड़ों की तलाश करने वालों के लिए यह बाजार उपयोगी हो सकता है.
बाटा चौक पर मेंस वियर की अच्छी रेंज
बाटा चौक भी कपड़ों की खरीदारी के लिए जाना जाता है. यहां खास तौर पर पुरुषों के कपड़ों के कई विकल्प मिलते हैं. त्योहारों के दौरान मेंस वियर की खरीदारी करने वाले लोग यहां आते हैं.
महिला कॉलेज रोड पर फेस्टिव वियर की वैरायटी
महिलाओं और लड़कियों के लिए महिला कॉलेज रोड पर फेस्टिवल सीजन के हिसाब से कपड़ों की कई वैरायटी देखने को मिलती है. यहां लहंगे, सूट, गाउन और अलग-अलग डिजाइन के फैंसी कपड़े मिलते हैं. छठ और दिवाली जैसे त्योहारों के दौरान महिलाओं के लिए साड़ियों की भी अच्छी मांग रहती है.
सालों पुरानी दुकानों पर लोगों का भरोसा
मधुबनी के कुछ पुराने कपड़ा प्रतिष्ठानों पर लोगों का लंबे समय से भरोसा बना हुआ है. इनमें मेहंदी वस्त्रालय, झाड़ी लाल अनूठा लाल, अग्रवाल वस्त्रालय और सेठानी साड़ी जैसे प्रतिष्ठानों का नाम लिया जाता है. ये दुकानें लंबे समय से कपड़ों के कारोबार से जुड़ी बताई जाती हैं.
त्योहारों में बढ़ जाती है बाजारों की रौनक
त्योहारों के दौरान नए कपड़े खरीदना लोगों की परंपरा और उत्साह का हिस्सा है. यही वजह है कि दिवाली और छठ जैसे पर्व नजदीक आते ही मधुबनी के प्रमुख कपड़ा बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगती है. अगर आप भी कम बजट में ट्रेंडी और फेस्टिव कपड़े खरीदना चाहते हैं, तो काली मंदिर रोड, महिला कॉलेज रोड, बाटा चौक, बड़ा बाजार और तिलक चौक जैसे बाजारों में अपनी पसंद के कपड़े तलाश सकते हैं.