Last Updated:
Business Idea: आगरा की रिचा शर्मा ने महज 2 हजार रुपये से पापड़ का बिजनेस शुरू कर सफलता हासिल की है. गुणवत्ता और किफायती कीमत के कारण उनके पापड़ की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे उन्होंने अन्य महिलाओं को भी रोजगार दिया. शुरू में बिजनेस से होने वाली कमाई को उन्होंने दोबारा इसी काम में लगाना शुरू किया. इसके बाद वजन करने की मशीन, पापड़ सुखाने के लिए पॉलीथिन और अन्य जरूरी संसाधनों में निवेश किया. आज स्थिति यह है कि रिचा के पापड़ों की मांग लगातार बढ़ रही है. उनके पास इतने ऑर्डर आने लगे हैं कि कई बार उन्हें पूरा करना भी मुश्किल हो जाता है.
आगरा: रिचा शर्मा ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता की नई कहानी लिखी है. कभी घर की जिम्मेदारियां संभालने वाली रिचा आज अपने पापड़ के बिजनेस से शहर में पहचान बना चुकी हैं. उन्होंने साबित कर दिया कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो छोटी-सी शुरुआत भी बड़े मुकाम तक पहुंचा सकती है. रिचा शर्मा ने बताया कि पिछले साल होली के दौरान उनके मन में पापड़ का बिजनेस शुरू करने का विचार आया. उन्होंने महज 2 हजार रुपये की पूंजी से अपने काम की शुरुआत की. शुरुआत में उन्होंने छोटे स्तर पर पापड़ बनाने का काम शुरू किया और धीरे-धीरे ग्राहकों का भरोसा जीतती चली गईं.
शुरुआती कमाई को बिजनेस में ही लगाया
बिजनेस से होने वाली कमाई को उन्होंने दोबारा इसी काम में लगाना शुरू किया. इसके बाद वजन करने की मशीन, पापड़ सुखाने के लिए पॉलीथिन और अन्य जरूरी संसाधनों में निवेश किया. आज स्थिति यह है कि रिचा के पापड़ों की मांग लगातार बढ़ रही है. उनके पास इतने ऑर्डर आने लगे हैं कि कई बार उन्हें पूरा करना भी मुश्किल हो जाता है. बढ़ते काम को संभालने के लिए उन्होंने दूसरी महिलाओं को भी रोजगार दिया है. रिचा की यह सफलता उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो घर की जिम्मेदारियों के साथ अपना व्यवसाय शुरू करके आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं.
आलू व घर के मसाले तैयार होते है पापड़
आगरा के शाहगंज निवासी रिचा शर्मा ने बताया कि आज उनका पापड़ का बिजनेस काफी अच्छा चल रहा है. उनके पापड़ के बिजनेस की सफलता के पीछे अच्छी क्वालिटी के आलू, घर में तैयार किए जाने वाले मसाले और शुद्ध सरसों के तेल का अहम योगदान है. रिचा ने बताया कि वह पापड़ बनाते समय स्वाद और गुणवत्ता का खास ध्यान रखती हैं, ताकि ग्राहकों को घर जैसा स्वाद मिल सके. उन्होंने बताया कि शुरुआत में आसपास के लोग ही उनसे पापड़ खरीदते थे, लेकिन धीरे-धीरे उनके स्वाद की चर्चा दूसरे इलाकों तक पहुंच गई. अब आगरा के दूर-दराज के क्षेत्रों से भी उनके पास ऑर्डर आने लगे हैं. रिचा का कहना है कि ग्राहकों का भरोसा और उनके पापड़ों का स्वाद ही उनके बिजनेस की सबसे बड़ी ताकत है.
परिवार का मिला साथ
बिजनेस शुरू करने से लेकर उसे आगे बढ़ाने तक परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया. उनके पापड़ की खासियत अच्छी गुणवत्ता और किफायती कीमत है. वह बाजार में मिलने वाले पापड़ के मुकाबले अपने उत्पाद को सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने की कोशिश करती हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग घर जैसे स्वाद का आनंद ले सकें. उन्होंने बताया कि वह फिलहाल महज 260 रुपये प्रति किलो की दर से पापड़ बेचती हैं. किफायती कीमत और गुणवत्ता के कारण ग्राहकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. रिचा की कोशिश है कि स्वाद और गुणवत्ता से समझौता किए बिना अपने बिजनेस को और आगे बढ़ाया जाए.