Last Updated:
Anil Kapoor Emotional On India Top 1 Percent: रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ के सेट पर दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक से मिलती-जुलती शक्ल वाले कंटेस्टेंट को देखकर अनिल कपूर भावुक हो गए. उन्होंने अपने जिगरी दोस्त सतीश के साथ बिताए पलों और पुरानी यादों को बड़े ही खूबसूरत अंदाज में शेयर किया .
सतीश कौशिक को याद कर इमोशनल हुए अनिल कपूर
नई दिल्ली: अनिल कपूर इन दिनों अपने शो ‘इंडिया के टॉप 1 परसेंट’ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में शो के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसे देखकर एक्टर इमोशनल हो गए. दरअसल, शो में गगन नाम के एक कंटेस्टेंट पहुंचे थे, जिनका चेहरा दिवंगत एक्टर सतीश कौशिक से काफी मिलता-जुलता था. उन्हें देखते ही अनिल कपूर को अपने जिगरी दोस्त की याद आ गई.
इस दौरान एक्टर ने सतीश कौशिक के साथ अपनी गहरी दोस्ती और उनसे जुड़ी कई पुरानी यादों के किस्से भी शेयर किए.
अनिल कपूर ने सतीश कौशिक को किया याद
डैनी डेविटो कहकर बुलाते थे अनिल
अपनी दोस्ती को याद करते हुए अनिल कपूर ने बताया कि वे प्यार से सतीश को ‘डैनी डेविटो’ बुलाते थे. दोनों को हॉलीवुड फिल्म ‘ट्विन्स’ बहुत पसंद थी और वे अक्सर साथ में जुड़वां भाइयों का रोल निभाने की प्लानिंग करते थे. अनिल ने भावुक होकर कहा कि अगर इस दुनिया में कोई उनका जुड़वां भाई बन सकता था, तो वो सिर्फ सतीश थे. सतीश उनका गुस्सा और खुशी हर बात को बहुत अच्छी तरह जानते थे. अनिल ने कहा कि अगर उनके पास शो का पूरा वक्त हो, तो भी सतीश के किस्से खत्म नहीं होंगे .
कैलेंडर के मशहूर डायलॉग पर आए चेहरे पर मुस्कान
भावुक पलों के बीच शो में हंसी-मजाक का दौर भी देखने को मिला. गगन और अनिल कपूर ने मंच पर सतीश कौशिक का पॉपुलर डायलॉग ‘मेरा नाम है कैलेंडर, मैं चला किचन के अंदर’ दोहराया. इस डायलॉग ने सतीश के मजाकिया अंदाज की याद दिला दी, जिसे देखकर वहां मौजूद सभी लोग मुस्कुरा उठे. गगन के इस अंदाज से खुश होकर अनिल ने कहा कि उन्होंने सबका दिल जीत लिया है. जाते-जाते अनिल ने मजाक में कहा कि अगर कोई फिल्म ‘ट्विन्स’ जैसी फिल्म बनाना चाहे, तो उन्हें और गगन को जुड़वां भाइयों के रोल में कास्ट कर सकता है .