Last Updated:
बिहार में सरकार बदली, विधायक बदले और सिस्टम को संभालने वाले आईएएस-आईपीएएस बदले लेकिन, नहीं बदला तो यहां का अपराध. आए दिन यहां तमाम तरह की आपराधिक घटनाएं होती रहती हैं. इन घटनाओं में अपराधी मानसिकता के लोग निर्दोष लोगों को डराने-धमकाने से लेकर गोली मारने तक की घटना को अंजाम देते हैं.
पटना: बाढ़ अनुमंडल के एनटीपीसी थाना अंतर्गत बरियारपुर में घर के बाहर बैठी बबली देवी को गोली मार दी गई. इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना पर एसडीपीओ रामकृष्ण दल बल के साथ मामले की जांच में पहुंचे. घायल बबली देवी के पति सुरेन्द्र सिंह ने घटना के बारे में बताया कि सभी लोग घर के बाहर बैठे थे और इसी बीच 5 से 6 लोग शराब के नशे में पहुंचे और बल्ब बंद करने की मामूली बात पर फायरिंग करने लगे. फायरिंग की इस घटना में बबली देवी को दो गोली लगी. घायल बबली को गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल भर्ती करवाया गया. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी यानी एसडीपीओ तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच-पड़ताल की. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से और आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली और घटनास्थल पर मौजूद सबूतों को इकट्ठा किया.
इस मामले में एसडीपीओ ने मीडिया को जो कुछ भी जानकारी दी है उसके मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में नामजद और शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी तेज कर दी है.
इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है औऱ लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों में सबसे ज्यादा नाराजगी अपनी और अपने परिजनों की सुरक्षा को लेकर है. लोगों का कहना है कि जब इस तरह से दिनदहाड़े लोगों को नशे में गोली मारी जाएगी तो लोगों में भय का माहौल रहेगा और कोई भी नागरिक अपने परिवार और समाज के लिए ऐसा माहौल नहीं चाहता. लोग सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण वाला समाज चाहते हैं.
पटना के दानापुर में भी रजिस्ट्री ऑफिस तकिया के पास गोलीबारी की घटना हुई है. गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:25 बजे हुई इस घटना में एक व्यक्ति को गोली लग गई. घायल की पहचान सागर कुमार, पिता मुन्ना कुमार, निवासी खगड़ी रोड, वार्ड नंबर-4, दानापुर के रूप में हुई है. सागर कुमार नाम के जिस शख्स को गोली लगी है वह नगर परिषद के सफाईकर्मी हैं.