Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम के कारण बिहार के मौसम पर असर पड़ने की चर्चा है. हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है. आज सभी जिलों का मौसम सामान्य रहेगा. अगले कुछ दिनों तक तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: दुर्गा पूजा का त्योहार अब समाप्त हो चुका है. इसके साथ ही लोगों के मन में यह सवाल उठने लगा है कि क्या अब राज्य में ठंड बढ़ेगी या फिर दोहरे मौसम का अहसास होगा. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल बिहार में मौसम शांत बना हुआ है. हालांकि, बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम तेजी से आकार ले रहा है. इसके प्रभाव से मौसम में आगे बदलाव देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं कि आज राज्य में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा.
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे बिहार में मौसम पूरी तरह शुष्क दर्ज किया गया. राज्य में सबसे अधिक तापमान मोतिहारी यानी पूर्वी चंपारण में 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, सबसे कम तापमान डेहरी यानी रोहतास में 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इन 24 घंटों में पूरे राज्य का अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इसके अलावा, न्यूनतम तापमान 16.8 से 22.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
बंगाल की खाड़ी में हलचल
- मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. यह सिस्टम लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. 22 अक्टूबर की सुबह 8:30 बजे यह दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान द्वीप समूह के ऊपर स्थित था. इसके असर से आज यानी 23 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की पूरी संभावना है. इसके बाद इस सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और और अधिक तीव्र होने का अनुमान लगाया गया है.
आज ग्रीन जोन में सभी जिले
- इन तमाम मौसमी हलचलों के बावजूद, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी जिलों को ‘ग्रीन जोन’ में रखा है. इसका साफ मतलब यह है कि आज पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह सामान्य रहेगा. आज राज्य में बारिश होने की कोई भी संभावना नहीं है. लोग बिना किसी बाधा के अपने सामान्य काम-धंधे कर सकते हैं.
तापमान का हाल
- फिलहाल मौसम विभाग ने तापमान में किसी भी तरह की बड़ी गिरावट या वृद्धि का पूर्वानुमान नहीं जताया है. इसलिए आने वाले पांच दिनों तक दिन के समय तापमान में कोई खास कमी देखने को नहीं मिलेगी. हालांकि, राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. इसकी वजह से सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक और सुहानापन महसूस हो रहा है. यह तापमान पूर्वानुमान पर आधारित एक सामान्य आकलन है.
28 अक्टूबर तक कोई अलर्ट नहीं
- IMD के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के आगे बढ़ने के बावजूद 23 से 28 अक्टूबर के बीच बिहार के लिए किसी भी तरह की भारी मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. यानी फिलहाल राज्यवासियों को किसी प्राकृतिक खतरे की चिंता करने की जरूरत नहीं है.
कल मोतिहारी रहा सबसे गर्म जिला
- बीते कल के प्रमुख शहरों के तापमान की बात करें तो मोतिहारी में सबसे अधिक 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा राजधानी पटना में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा. गया में पारा 30.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ. दरभंगा में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. भागलपुर में यह 31.5 डिग्री सेल्सियस और मुजफ्फरपुर में 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुल मिलाकर धूप खिली रहेगी और मौसम सामान्य बना रहेगा.