Last Updated:
Shikhar Mohan: झारखंड के 21 वर्षीय क्रिकेटर शिखर मोहन का चयन इंडिया A की टेस्ट टीम में हुआ है. रांची के डोरंडा के रहने वाले शिखर ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 613 रन बनाए थे. मौजूदा सीजन में भी वह शानदार फॉर्म में हैं. न्यूज 18 से खास बातचीत में शिखर ने टीम इंडिया के लिए खेलने को अपना सपना बताया. उनके पिता क्लब क्रिकेटर रहे हैं, जबकि मां चाहती हैं कि बेटा भारतीय टीम में खेले
शिखर मोहन का टीम इंडिया में सेलेक्शन
रांची: झारखंड के एक युवा क्रिकेटर ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट में नई पहचान बनाई है. नाम है शिखर मोहन. रांची के डोरंडा में रहने वाले 21 साल के शिखर का चयन इंडिया A की टेस्ट टीम में हुआ है. उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम में जगह मिली है. घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने का इनाम उन्हें मिला है. अब उनका सपना टीम इंडिया की सीनियर टीम में जगह बनाना है. न्यूज 18 ने शिखर मोहन और उनके परिवार से खास बातचीत की. इस दौरान शिखर ने अपने क्रिकेट के सफर, और भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया. वहीं, उनके माता-पिता ने भी बेटे की सफलता पर खुशी जाहिर की.
6 साल की उम्र से खेल रहे हैं क्रिकेट
शिखर मोहन को बचपन से ही क्रिकेट का शौक रहा है. उन्होंने महज 6 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं. शिखर ने बताया कि वह क्लास वन से क्रिकेट खेल रहे हैं. पिछले साल उन्हें झारखंड की रणजी टीम में डेब्यू करने का मौका मिला था. शिखर के पिता सूरज मोहन भी क्लब स्तर पर क्रिकेट खेल चुके हैं. हालांकि, उन्होंने बेटे पर क्रिकेट खेलने का दबाव नहीं बनाया. सूरज मोहन का सपना था कि उनका बेटा भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेले. अब इंडिया A टीम में चयन के बाद परिवार को उम्मीद है कि शिखर एक दिन सीनियर टीम इंडिया का भी हिस्सा बनेंगे.
रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
- शिखर मोहन ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा. उन्होंने 12 पारियों में 613 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से दोहरा शतक भी निकला. उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा.
- मौजूदा सीजन में भी शिखर का बल्ला खूब चल रहा है. उन्होंने दो मैचों में 99 की औसत से 297 रन बनाए हैं. केरल के खिलाफ उन्होंने 143 रन की पारी खेली. वहीं, महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने पहली पारी में 27 और दूसरी पारी में 127 रन बनाए.
- इसके अलावा, शिखर ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए दोनों पारियों में अर्धशतक लगाया.
- ईरानी कप में भी उन्होंने रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से जम्मू-कश्मीर के खिलाफ पहली पारी में 60 रन बनाए.
न्यूजीलैंड में खेलने को लेकर उत्साहित हैं शिखर
शिखर मोहन का चयन न्यूजीलैंड दौरे पर इंडिया A की टीम में हुआ है. वह न्यूजीलैंड A के खिलाफ होने वाले तीन चार दिवसीय मैचों में से दूसरे और तीसरे मैच के लिए टीम से जुड़ेंगे. शिखर ने न्यूज 18 से बातचीत में कहा कि न्यूजीलैंड में गेंद काफी स्विंग करती है. ऐसे में लाल गेंद से टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके लिए शानदार अनुभव होगा. वह इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं.
टीम इंडिया के लिए खेलना है सपना
शिखर मोहन का लक्ष्य सिर्फ इंडिया A टीम तक पहुंचना नहीं है. वह भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाना चाहते हैं. इसके लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं. घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन इस दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है. शिखर फिलहाल मास कम्युनिकेशन से स्नातक की पढ़ाई भी कर रहे हैं. क्रिकेट और पढ़ाई के बीच तालमेल बनाते हुए वह अपने खेल को बेहतर करने पर ध्यान दे रहे हैं.
बेटे की सफलता से परिवार खुश
शिखर के पिता सूरज मोहन का कहना है कि उन्होंने बेटे पर कभी क्रिकेट खेलने का दबाव नहीं बनाया. वह चाहते थे कि शिखर अपनी पसंद से आगे बढ़े और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करे. वहीं, शिखर की मां का सपना है कि उनका बेटा एक दिन टीम इंडिया के लिए खेले. इंडिया A टीम में चयन से परिवार की उम्मीदें और बढ़ गई हैं. अब शिखर के सामने खुद को साबित करने और सीनियर टीम इंडिया तक पहुंचने की चुनौती है.