काशी देव दीपावली: 14 लाख दीयों से जगमगाएंगे 84 घाट, अभी से फुल होने लगीं नावें, देखें बुकिंग रेट लिस्ट

काशी देव दीपावली: 14 लाख दीयों से जगमगाएंगे 84 घाट, अभी से फुल होने लगीं नावें, देखें बुकिंग रेट लिस्ट


Last Updated:

Dev Diwali Varanasi: कार्तिक पूर्णिमा पर काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों पर उतरने वाले देवताओं के स्वागत की अलौकिक तैयारी शुरू हो गई है. देव दीपावली के महाआयोजन को लेकर गंगा के घाटों पर जहां युद्धस्तर पर सफाई चल रही है, वहीं गंगा पुत्रों (नाविकों) की व्यस्तता भी चरम पर है. देश-दुनिया से उमड़ने वाले लाखों पर्यटकों के स्वागत के लिए न सिर्फ बजड़ों और नावों का कायाकल्प हो रहा है, बल्कि 50 फीसदी से ज्यादा नावें अभी से बुक हो चुकी हैं. आसमान छूते किराए के बावजूद काशी के घाटों से गंगा की लहरों पर दीप-दर्शन का साक्षी बनने के लिए सैलानियों में जबर्दस्त होड़ मची है.

Dev Diwali Varanasi: वाराणसी के लक्खा मेले में शुमार देव दीपावली की तैयारियां शुरू हो गई हैं. घाटों पर सफाई का काम किया जा रहा है तो वहीं दूसरी ओर नाविकों के पास उनकी नावों की बुकिंग के लिए भी फोन बजने लगे हैं. वाराणसी की करीब 50 फीसदी नावों की बुकिंग हो गई है. बाकी बची नावों के लिए भी लगातार इन्क्वायरी जारी है. शेयरिंग वाली नावों के लिए भी नाविकों ने रेट खोल दिया है. इस बार शेयरिंग वाली बोट की बुकिंग फिलहाल ₹2500 प्रति व्यक्ति के हिसाब से की जा रही है. हालांकि कुछ घाटों पर नाविक इसके लिए ₹2000 से ₹2200 में भी बुकिंग ले रहे हैं.

बजड़े का किराया सवा लाख तक, पर्यटकों में जबर्दस्त उत्साह
वहीं बात बजड़े की करें तो इसके लिए फिलहाल ₹1 से सवा लाख रुपये में इसकी बुकिंग हो रही है. इसके अलावा बड़ी नावें भी ₹50 से ₹80 हजार में बुक की जा रही हैं. अलग-अलग शहरों से आने वाले पर्यटक ट्रैवल एजेंसियों या फिर सीधे नावों की बुकिंग कर रहे हैं. नाविक शंभू निषाद ने बताया कि देव दीपावली वाराणसी का एक महत्वपूर्ण इवेंट है जो कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है. इसका इंतजार सभी को रहता है. नाविक भी इसके लिए खासी तैयारी करते हैं.

नावों की रंगाई-पुताई शुरू
उन्होंने बताया कि सभी घाटों के नाविक अभी से अपनी नावों को नया कलेवर देने में जुटे हुए हैं. इसके लिए न सिर्फ नावों की रंगाई-पुताई हो रही है, बल्कि उन्हें विभिन्न लाइट्स से सजाया भी जा रहा है. इसके अलावा देव दीपावली पर नावों को फूलों और अन्य चीजों से खूबसूरत तरीके से सजाया जाएगा, ताकि जब पर्यटक यहां इस खूबसूरत नजारे को देखने आएं तो उन्हें बेहतर अनुभव भी हो.

जलेंगे 14 लाख दीप
वाराणसी में इस बार देव दीपावली का आयोजन 24 नवंबर को होगा. इस दिन वाराणसी के सभी घाटों को लाखों दीपों से सजाया जाएगा. सभी 84 घाटों के अलावा गंगा उस पार भी लाखों दीप जलेंगे. इसके अलावा लेजर शो और फायर क्रैकर शो से इस आयोजन में चार चांद लगेंगे. इस बार देव दीपावली पर करीब 10 लाख पर्यटकों के काशी आने की संभावना है. वाराणसी में न सिर्फ नाव बल्कि होटलों की बुकिंग के लिए भी लगातार इन्क्वायरी जारी है. बताते चलें कि इस इवेंट से वाराणसी की टूरिज्म इंडस्ट्री को बड़ा बूस्ट मिलेगा.



Source link