पटना. बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए 23 अक्टूबर (शुक्रवार) को मतदान जारी है. वहीं इसी बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी की कार्रवाई को लेकर बड़ा बयान दिया है. जेडीयू की ओर से कार्रवाई किए जाने की चर्चा पर अनंत सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई करे. अनंत सिंह ने कहा, “मैं चाहता हूं कि JDU मुझ पर कार्रवाई करे. न मुझे मरने का गम है और न जीने की खुशी है. मैंने पहले कहा है भाई.”
वहीं जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने बड़ा दावा किया है. अनंत सिंह ने कहा कि जनता ने हमारे उम्मीदवार को वोट दिया है और हमारे उम्मीदवार चुनाव जीत रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनके उम्मीदवार की जीत होगी, इसलिए उनके समर्थक जश्न मना रहे हैं. अनंत सिंह के सरकारी आवास पर मतदान खत्म होने से पहले ही समर्थकों ने पटाखे फोड़कर जश्न मनाया.
नीरज कुमार को लेकर भी दिया बड़ा बयान
अनंत सिंह ने पटना स्नातक सीट से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, ‘नीरज कुमार का किला टूट चुका है.’ अनंत सिंह के इस बयान को पटना स्नातक सीट पर नीरज कुमार के खिलाफ उनके खुले विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है. अनंत सिंह पहले भी नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख जाहिर कर चुके हैं और जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन की बात कही थी.
‘पुलिस ने हमारे लोगों को परेशान किया’
अनंत सिंह ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि पुलिस ने कई जगहों पर उनके लोगों को परेशान किया है. कुछ लोगों को पुलिस ने पकड़ भी लिया है. हालांकि, उन्होंने इन आरोपों के संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी. अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनके उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे. इसी भरोसे में उनके समर्थक मतदान खत्म होने से पहले ही जश्न मना रहे हैं और पटाखे फोड़ रहे हैं.
JDU की कार्रवाई के सवाल पर क्या बोले अनंत सिंह?
जेडीयू की ओर से कार्रवाई किए जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वह चाहते हैं कि जेडीयू उनके खिलाफ कार्रवाई करे. उन्होंने कहा, ‘न मुझे मरने का गम है और न जीने की खुशी है.’ अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले ही अपनी बात रख दी है.
छोटू सिंह से वीडियो कॉल पर की बात
इस दौरान अनंत सिंह ने छोटू सिंह से वीडियो कॉल पर भी बात की. जानकारी के मुताबिक छोटू सिंह को जक्कनपुर थाने में रखा गया है. इससे पहले STF ने उन्हें डिटेन किया था. अनंत सिंह और छोटू सिंह के बीच हुई बातचीत भी इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम के बीच चर्चा में है.
ललन सिंह पर भी बोले अनंत सिंह
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में 100 ललन सिंह हैं, इसलिए किस ललन सिंह के बारे में पूछा जा रहा है, यह स्पष्ट किया जाए. उन्होंने कहा कि जो केंद्र में मंत्री हैं, उन्हें भी नीरज कुमार ने परेशान किया है. बता दें कि बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. लेकिन मतदान समाप्त होने से पहले ही अनंत सिंह के आवास पर पटाखे फोड़कर मनाया जा रहा जश्न और नीरज कुमार को लेकर उनका बयान पटना स्नातक सीट के चुनाव को लेकर सियासी चर्चा तेज कर रहा है.